Commercial cylinder price hike: उत्तर भारत में कमर्शियल गैस सिलेंडर के दामों में ₹900 की बड़ी बढ़त दर्ज की गई है जिससे अब खान-पान की चीजों के दाम बढ़ना तय माना जा रहा है. कल तक जो सिलेंडर ₹2200 में मिलता था उसकी कीमत अब बढ़कर ₹3200 हो गई है. इस महंगाई का असर यूपी के पटरी दुकानदारों के साथ-साथ होटल और रेस्टोरेंट के किचन पर भी पड़ना शुरू हो गया है.
ADVERTISEMENT
होटल और रेस्टोरेंट में बढ़ेंगे बिल
ईरान-इजरायल युद्ध के चलते पहले ही सप्लाई पर बुरा असर पड़ा था और सप्लाई प्रति महीने 10 सिलेंडर तक सीमित कर दी गई थी. अब बढ़ी हुई कीमतों के कारण बड़े होटलों में लंच और डिनर का बिल महंगा हो जाएगा. कारोबारियों का मानना है कि कीमतें बढ़ने से बिक्री कम होगी और अगर ऐसा हुआ तो होटलों को अपने स्टाफ में भी कटौती करनी पड़ सकती है.
चाय और नाश्ते के बढ़ेंगे दाम
लखनऊ के स्थानीय दुकानदारों का कहना है कि अब हर चीज के दाम बढ़ाना उनकी मजबूरी हो गई है. जो चाय पहले ₹15 में मिलती थी अब उसके लिए ₹20 चुकाने पड़ेंगे. इसी तरह ₹20 में मिलने वाला सामान अब ₹25 में बेचना पड़ेगा. सिलेंडर महंगा होने के कारण दुकानदार अब लकड़ी की भट्टी का सहारा लेने को मजबूर हैं. लेकिन इसमें भी समस्या यह है कि भट्टी की आंच को सिलेंडर के नॉब की तरह कम या ज्यादा नहीं किया जा सकता जिससे लागत कम करने में खास मदद नहीं मिल रही है.
रिपोर्ट्स के अनुसार, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चल रहे ईरान-इजरायल युद्ध ने गैस की उपलब्धता और कीमतों को सीधे तौर पर प्रभावित किया है. उत्तर प्रदेश, बिहार और दिल्ली समेत पूरे उत्तर भारत में इस महंगाई का व्यापक असर देखने को मिल रहा है जहां लोग अब अपनी रोजमर्रा की खान-पान की जरूरतों के लिए अधिक पैसे खर्च करने को तैयार हैं.
ADVERTISEMENT









