UP Weather Update: अभी नहीं रुकेगी बारिश… 1 मई को यूपी के इन जिलों में बरसेंगे मेघ

UP Weather Update: यूपी में बारिश और ओलावृष्टि का दौर जारी है. मौसम विभाग ने 1 मई को प्रयागराज, वाराणसी और मेरठ समेत कई जिलों में 60 किमी/घंटा की रफ्तार से हवाएं चलने और ओले गिरने का अलर्ट जारी किया है.

UP Weather Update

यूपी तक

• 07:42 PM • 30 Apr 2026

follow google news

UP Weather Update: उत्तर प्रदेश में हो रही बारिश की वजह से लोगों को गर्मी से फिलहाल राहत मिली है. मौसम विभाग की मानें तो आने वाले दिनों में भी बारिश का ये सिलसिला जारी रहने वाला है. IMD के ताजा अनुमान के मुताबिक, 1 मई को प्रदेश के दर्जनों जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश और ओलावृष्टि की संभावना है. पश्चिमी यूपी से लेकर पूर्वांचल तक तेज झोंकेदार हवाएं चलने और बिजली गिरने की भी चेतावनी जारी की गई है.

यह भी पढ़ें...

इन जिलों में ओलावृष्टि का भारी अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार, बांदा, चित्रकूट, कौशाम्बी, प्रयागराज, फतेहपुर, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, संत रवि दास नगर, गाजीपुर, बलिया, कानपुर नगर और देहात, सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, हापुड़ और बुलंदशहर में ओलावृष्टि की अधिक संभावना है. इसके अलावा प्रतापगढ़, जौनपुर, आजमगढ़, मऊ, देवरिया, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थ नगर, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, उन्नाव, रायबरेली, गाजियाबाद और गौतम बुद्ध नगर में भी ओले गिर सकते हैं.

60 किमी/घंटा की रफ्तार से चलेंगी हवाएं

1 मई को प्रदेश के कई जिलों में मौसम काफी आक्रामक रह सकता है. प्रयागराज, वाराणसी, कानपुर और मेरठ सहित कई इलाकों में हवा की गति 40-50 किमी से बढ़कर 60 किमी प्रति घंटा तक पहुंच सकती है. वहीं, लखनऊ, अयोध्या, झांसी, आगरा और बरेली जैसे क्षेत्रों में 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने का अनुमान है.

बिजली गिरने और भारी बारिश की चेतावनी

बांदा, चित्रकूट और कौशाम्बी में बारिश और वज्रपात (बिजली गिरने) की प्रबल संभावना जताई गई है. इसके साथ ही, लखनऊ, बाराबंकी, अमेठी, सुल्तानपुर, गाजीपुर, गोरखपुर और बस्ती सहित प्रदेश के लगभग सभी प्रमुख जिलों में मेघगर्जन और बिजली गिरने को लेकर लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है. मौसम विभाग ने किसानों को विशेष रूप से सावधानी बरतने और ओलावृष्टि से फसलों को बचाने के उपाय करने का सुझाव दिया है.