15 दिनों के लिए टोल फ्री रहेगा गंगा एक्सप्रेसवे, जानें आगे आपकी गाड़ी के लिए कितना देना होगा शुल्क

Ganga Expressway News: यूपी के 594 किलोमीटर लंबे गंगा एक्सप्रेसवे पर टोल दरें तय हो गई हैं, लेकिन फिलहाल 15 दिनों तक सफर मुफ्त रहेगा. यूपीडा ने जनहित में वसूली टाल दी है. जानें कार, बस और ट्रकों के लिए क्या हैं नई दरें.

Ganga Expressway

आशीष श्रीवास्तव

01 May 2026 (अपडेटेड: 01 May 2026, 03:33 PM)

follow google news

Ganga Expressway News: उत्तर प्रदेश के 594 किलोमीटर लंबे गंगा एक्सप्रेसवे पर वाहन अब बिना टोल दिए दौड़ सकेंगे. यूपीडा (UPEIDA) ने टोल की दरें तो निर्धारित कर दी हैं. लेकिन वसूली प्रक्रिया शुरू होने में अभी करीब 15 दिन का समय लगेगा. जनहित को ध्यान में रखते हुए फिलहाल इसे फ्री रखा गया है ताकि लोग इस नए रूट से पूरी तरह वाकिफ हो सकें. इस एक्सप्रेसवे पर वाहनों के लिए अधिकतम गति सीमा 120 किलोमीटर प्रति घंटा तय की गई है.

यह भी पढ़ें...

15 दिन बाद शुरू होगी टोल वसूली

यूपीडा के मुख्य कार्यकारी अधिकारी द्वारा जारी पत्र के अनुसार, 28 अप्रैल 2026 को प्रोविजनल सर्टिफिकेट मिलने के बाद टोल वसूली शुरू की जा सकती थी. लेकिन इसे 15 दिनों के लिए टाल दिया गया है. यूपीडा के चीफ इंजीनियर राज चौधरी ने बताया कि यह निर्णय सार्वजनिक हित में लिया गया है.

जानें टोल की नई दरें (प्रति किलोमीटर)

वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए विभिन्न वाहनों के लिए दरें कुछ इस तरह से तय की गई हैं.

दोपहिया, तिपहिया और पंजीकृत ट्रैक्टर: 1.28 रुपये

कार, जीप, वैन और हल्के वाहन: 2.55 रुपये

हल्के वाणिज्यिक वाहन (LCV): 4.05 रुपये

बस और ट्रक: 8.20 रुपये

भारी निर्माण मशीनरी (HCM): 12.60 रुपये

सात या अधिक एक्सल वाले बड़े वाहन: 16.10 रुपये

आधुनिक तकनीक से लैस एक्सप्रेसवे

गंगा एक्सप्रेसवे को हर मौसम के अनुकूल बनाने के लिए आधुनिक तकनीक का प्रयोग किया गया है. इसकी मजबूती के लिए कैलिफोर्निया बेयरिंग रेशियो (CBR) तकनीक अपनाई गई है और मुख्य कैरिजवे की मोटाई 485 से 500 मिलीमीटर तक रखी गई है ताकि भारी ट्रैफिक का दबाव आसानी से झेला जा सके. भीषण गर्मी और बारिश से बचाने के लिए इस पर 100 मिलीमीटर मोटी डामर की परत बिछाई गई है.