Raebareli Lalganj Double Suicide Case: लालगंज में डबल सुसाइड से दहशत: MCF कॉलोनी में पत्नी ने लगाई फांसी, कर्मचारी का जंगल में शव मिला

MCF Colony Suicide News: लालगंज स्थित आधुनिक रेल कोच फैक्ट्री (MCF) के आवासीय परिसर में शुक्रवार का सूरज खुशियों के बजाय मातम की खबर लेकर आया. चंद घंटों के भीतर हुई दो अलग-अलग आत्महत्या की घटनाओं ने पूरी कॉलोनी को हिलाकर रख दिया है.

Raebareli Crime News

Newzo

• 02:50 PM • 01 May 2026

follow google news

Raebareli Crime News: लालगंज स्थित आधुनिक रेल कोच फैक्ट्री (MCF) के आवासीय परिसर में शुक्रवार का सूरज खुशियों के बजाय मातम की खबर लेकर आया. चंद घंटों के भीतर हुई दो अलग-अलग आत्महत्या की घटनाओं ने पूरी कॉलोनी को हिलाकर रख दिया है. जहाँ एक रेल कर्मचारी ने जंगल में पेड़ से लटककर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली, वहीं दूसरी ओर एक कर्मचारी की पत्नी ने बीमारी से तंग आकर मौत का रास्ता चुन लिया. एक साथ दो शव उठने से पूरी फैक्ट्री में हड़कंप मचा है.

यह भी पढ़ें...

​पहली घटना: बीमारी से टूटी हिम्मत, फंदे पर झूल गई मीरा

​रेल कोच कॉलोनी के टाइप टू (2236-A) आवास में सन्नाटा पसरा है. बिहार के कैमूर जिले के रहने वाले रेल कर्मचारी पारस की 37 वर्षीय पत्नी मीरा देवी लंबे समय से बीमार चल रही थीं. बताया जा रहा है कि बीमारी की पीड़ा मीरा की सहनशक्ति से बाहर हो गई थी. शुक्रवार को जब घर में कोई नहीं था, उन्होंने खौफनाक कदम उठाते हुए फांसी लगा ली. सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है.

​दूसरी घटना: वर्कर्स क्लब के पीछे जंगल में मिला कर्मचारी का शव

​अभी मीरा देवी की मौत की खबर ठंडी भी नहीं हुई थी कि रेल कोच के शैल शॉप में तैनात कर्मचारी सुदामा मीणा के गायब होने की खबर आई. तलाश शुरू हुई तो वर्कर्स क्लब के पीछे घने जंगल में सुदामा का शव एक पेड़ से लटकता मिला. राजस्थान के मूल निवासी सुदामा ने आखिर मौत को क्यों गले लगाया, यह गुत्थी अभी अनसुलझी है. पुलिस हर एंगल से मामले की तफ्तीश कर रही है.

​पुलिस की कार्रवाई और सन्नाटे में डूबी कॉलोनी

लालगंज ​प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि दोनों शवों को नीचे उतरवाकर पंचनामा भरा गया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. उन्होंने कहा कि शुरुआती जांच में मीरा देवी की आत्महत्या का कारण बीमारी बताया जा रहा है, जबकि सुदामा मीणा के मामले में जांच जारी है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति और स्पष्ट होगी.