Raebareli News: रफ्तार के लिए बने गंगा एक्सप्रेस-वे पर इन दिनों सफर कम और 'खतरों के खिलाड़ी' ज्यादा नजर आ रहे हैं. सोशल मीडिया पर सनसनी मचाने और चंद 'लाइक्स' बटोरने की चाहत में युवा अपनी जान जोखिम में डालने से बाज नहीं आ रहे हैं. ताजा मामला रायबरेली जनपद के ऐहार इलाके का है, जहां एक ई-रिक्शा पर सवार होकर कुछ युवकों ने यातायात नियमों की जमकर धज्जियां उड़ाईं.
ADVERTISEMENT
छत पर महफिल, साइड में लटके यार!
वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि एक ई-रिक्शा एक्सप्रेस-वे की खाली सड़क पर फर्राटा भर रहा है. हद तो तब हो गई जब एक युवक ई-रिक्शा की छत पर पालथी मारकर शान से बैठा नजर आया, जबकि दो अन्य युवक रिक्शा के दोनों किनारों पर जानलेवा तरीके से लटके हुए थे. पीछे से कोई और साथी इस पूरे 'मंजर' को कैमरे में कैद कर रहा था.
बैकग्राउंड में बज रहा 'मिलो न तुम तो...'
वीडियो में फिल्मी गानों का तड़का लगाकर इसे सोशल मीडिया पर वायरल किया गया है. एक छोटी सी चूक या रिक्शे का संतुलन बिगड़ने पर कोई भी बड़ा हादसा हो सकता था.
पुलिस की रडार पर 'रीलबाज'
वीडियो के सोशल मीडिया पर प्रसारित होते ही स्थानीय लोगों में रोष है. राहगीरों का कहना है कि पुलिस की मुस्तैदी के दावों के बीच इस तरह के स्टंट सुरक्षा पर सवालिया निशान खड़े करते हैं.
ADVERTISEMENT









