Raebareli Heatwave: हीटवेव का अलर्ट: लू के थपेड़ों से बच्चों को बचाने के लिए रायबरेली BSA का बड़ा फैसला, टाइम-टेबल में हुआ बदलाव

Raebareli News: भीषण गर्मी और लू के बढ़ते प्रकोप ने अब स्कूलों का टाइमटेबल भी बदल दिया है. रायबरेली में बच्चों की सेहत को देखते हुए बड़ा फैसला लिया गया है, जिसमें पढ़ाई का समय घटा दिया गया है. नया शेड्यूल जानना हर अभिभावक और छात्र के लिए बेहद जरूरी हो गया है.

Raebareli Heatwave Alert

Newzo

• 04:00 PM • 21 Apr 2026

follow google news

Raebareli Heatwave Alert: जनपद में बढ़ती गर्मी और हीटवेव (लू) के प्रकोप को देखते हुए बेसिक शिक्षा विभाग ने परिषदीय विद्यालयों के समय में बड़ा बदलाव किया है. शासन के निर्देश पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (BSA) राहुल सिंह ने आदेश जारी कर दिया है. अब परिषदीय स्कूल सुबह 07:30 बजे से खुलेंगे, लेकिन छात्र-छात्राओं की छुट्टी दोपहर 12:30 बजे ही कर दी जाएगी.

यह भी पढ़ें...

बीएसए ने स्पष्ट किया है कि विद्यालय का कुल संचालन समय सुबह 07:30 बजे से अपराह्न 01:30 बजे तक रहेगा. हालांकि, बच्चों की सुरक्षा और सेहत को देखते हुए उनके पठन-पाठन का समय कम किया गया है. जिसमें छात्रों की उपस्थिति सुबह 07:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक रहेगी. प्रार्थना सभा व योग सुबह 07:30 से 07:40 बजे तक (केवल 10 मिनट) एवं मध्यावकाश (Intervall) सुबह 10:00 से 10:15 बजे तक होगा.इसके अलावा शिक्षक, शिक्षामित्र और अनुदेशक दोपहर 01:30 बजे तक रुककर प्रशासनिक व अन्य विभागीय कार्यों को पूरा करेंगे.

सरकारी स्कूलों के साथ-साथ जिले के मान्यता प्राप्त विद्यालयों के लिए भी गाइडलाइन जारी की गई है. बीएसए के अनुसार, इन स्कूलों की 'विद्यालय प्रबंध समिति' (SMC) गर्मी की गंभीरता को देखते हुए अपने स्तर से समय परिवर्तन का निर्णय लेने के लिए अधिकृत होगी. BSA ने कहा कि भीषण गर्मी को देखते हुए बच्चों के स्वास्थ्य से कोई समझौता नहीं किया जाएगा. सभी प्रधानाध्यापकों को निर्देश दिए गए हैं कि विद्यालय परिसर में शुद्ध पेयजल और प्राथमिक उपचार की व्यवस्था दुरुस्त रखें.