Raebareli Accident News: तेज रफ्तार बाइक खड़े ट्रक से टकराई, रिश्तेदार को लेने निकले युवक की मौके पर मौत

Raebareli Accident News Today: रायबरेली के लालगंज-डलमऊ मार्ग पर देर रात खड़े ट्रक से टकराने पर 22 वर्षीय बाइक सवार युवक की दर्दनाक मौत हो गई. अंधेरे के कारण युवक ट्रक नहीं देख सका और मौके पर ही उसकी जान चली गई. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.

Newzo

• 03:17 PM • 17 Apr 2026

follow google news

Raebareli Accident News Today: रायबरेली लालगंज-डलमऊ मार्ग पर गुरुवार की देर रात एक भीषण सड़क हादसे में 22 वर्षीय युवक की जान चली गई. सड़क किनारे खड़े मौत के ट्रक से टकराकर बाइक सवार के परखच्चे उड़ गए. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया. हादसे के बाद मृतक के घर में चीख-पुकार मची है, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.

यह भी पढ़ें...

​रिश्तेदार को लेने जा रहा था धर्मेंद्र

​जानकारी के मुताबिक, लालगंज कोतवाली क्षेत्र के महमद मऊ (मजरे दतौली) निवासी धर्मेंद्र कुमार रैदास (22) पुत्र शिवराम, गुरुवार रात करीब 2 बजे बाइक से मुराईबाग जा रहा था. उसे वहां से अपने एक रिश्तेदार को घर लाना था. क्या पता था कि घर से निकला धर्मेंद्र अब कभी वापस नहीं लौटेगा.

​अंधेरे में नहीं दिखा ट्रक

​धर्मेंद्र जैसे ही पूरे हरजू के पास पहुंचा, वहां सड़क किनारे एक ट्रक खड़ा था. अंधेरा अधिक होने के कारण धर्मेंद्र ट्रक को देख नहीं सका और उसकी तेज रफ्तार बाइक सीधे ट्रक के पिछले हिस्से में जा घुसी. भिड़ंत का शोर सुनकर आसपास के लोग दौड़े, लेकिन तब तक धर्मेंद्र की सांसें थम चुकी थीं.

​पुलिस ने कब्जे में लिया शव

​सूचना पर पहुंची लालगंज पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद युवक को बाहर निकाला और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया.