Raebareli Robbery case: जनपद के भदोखर थाना क्षेत्र में बेखौफ बदमाशों ने एक बार फिर पुलिसिया इकबाल को चुनौती दी है. भदोखर के सराय दामू गदियानी गांव में रविवार की देर रात अज्ञात चोरों ने एक घर को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर दिया. इस दुस्साहसिक वारदात से इलाके में दहशत का माहौल है.
ADVERTISEMENT
गैलरी के रास्ते दाखिल हुए 'यमदूत'
मिली जानकारी के अनुसार, सराय दामू गदियानी निवासी राम लखन पासी का परिवार रोजाना की तरह रात को खाना खाकर सो गया था. आधी रात के सन्नाटे का फायदा उठाकर शातिर चोरों ने घर में सेंधमारी की. बताया जा रहा है कि चोरों ने बड़ी सफाई से घर के भीतर प्रवेश किया और जिस कमरे में कीमती सामान रखा था, उसे पूरी तरह खंगाल डाला.
सुबह जब खुली आंख, तो उड़ गए होश
सोमवार की सुबह जब परिवार के सदस्य सोकर उठे और कमरे का नजारा देखा, तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई.बक्से व अलमारियों के ताले टूटे थे और सामान बिखरा पड़ा था. राम लखन के मुताबिक, चोरों ने घर में रखे लाखों रुपये की ज्वेलरी और भारी भरकम नकदी समेट ली है. पीड़ित परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है.
जांच में जुटी पुलिस?
वारदात की सूचना मिलते ही भदोखर थानाध्यक्ष राकेश चंद्र आनंद भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुँचे. पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाए.एसओ ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी गई है. जल्द ही चोरी का खुलासा कर आरोपियों को सलाखों के पीछे भेजा जाएगा.
चर्चा का विषय?
ग्रामीण इलाकों में बढ़ती चोरियों ने पुलिस की गश्त पर सवालिया निशान लगा दिए हैं. अब देखना यह है कि भदोखर पुलिस इन 'अदृश्य' चोरों तक कब तक पहुँच पाती है.
ADVERTISEMENT









