Raebareli news: रायबरेली में तेज रफ्तार पार्सल ट्रक ने महिला को कुचला, मौके पर ही दर्दनाक मौत रायबरेली के मिल एरिया थाना क्षेत्र में लखनऊ-प्रयागराज हाईवे पर तेज रफ्तार पार्सल ट्रक ने पैदल जा रही महिला नेहा गुप्ता को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई. हादसे के बाद अनियंत्रित ट्रक ने एक साइकिल सवार को भी टक्कर मारी, जबकि गुस्साई भीड़ ने चालक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया.
ADVERTISEMENT
मिल एरिया थाना क्षेत्र के अंतर्गत लखनऊ-प्रयागराज हाईवे पर शुक्रवार की दोपहर एक बड़ा हादसा हो गया. सर्वोदय नगर ओवरब्रिज के पास एक तेज रफ्तार पार्सल ट्रक ने सड़क किनारे पैदल जा रही एक महिला को बेरहमी से कुचल दिया. हादसे में महिला की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई. महिला को रौंदने के बाद अनियंत्रित ट्रक ने गैस लेने आए एक युवक की साइकिल को भी अपनी चपेट में ले लिया, जिससे साइकिल के परखच्चे उड़ गए. घटना के बाद मौके पर मौजूद भीड़ ने भाग रहे ट्रक चालक को दौड़ाकर दबोच लिया और पुलिस के हवाले कर दिया.
ड्यूटी पर जा रही थी महिला, पीछे से काल बनकर आया ट्रक
जानकारी के अनुसार, शहर कोतवाली क्षेत्र के छोटी बाजार मोहल्ला निवासी नेहा गुप्ता (35) पत्नी सुशील कुमार सर्वोदय नगर के पास स्थित बजाज थ्री-व्हीलर एजेंसी में काम करती थी. शुक्रवार की दोपहर करीब 11:00 बजे नेहा रायबरेली-प्रयागराज हाईवे पर सर्वोदय नगर ओवरब्रिज के नीचे से पैदल गुजर रही थी. इसी दौरान पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार पार्सल ट्रक के चालक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए नेहा को कुचल दिया.
नेहा को रौंदने के बाद चालक का ट्रक पर से नियंत्रण पूरी तरह छूट गया. अनियंत्रित ट्रक ने सड़क किनारे खड़ी एक युवक की साइकिल को जोरदार टक्कर मार दी. गनीमत रही कि युवक समय रहते दूर हट गया, जिससे उसकी जान बच गई, लेकिन साइकिल पूरी तरह चकनाचूर हो गई.
गुस्साए लोगों ने चालक को दबोचा, पुलिस जांच में जुटी
दिल दहला देने वाले इस हादसे को देखकर आसपास के लोग आक्रोशित हो गए. स्थानीय निवासियों और राहगीरों ने तत्परता दिखाते हुए दुर्घटना को अंजाम देकर भाग रहे चालक को मौके पर ही पकड़ लिया. घटना की सूचना तुरंत स्थानीय पुलिस को दी गई.
सूचना मिलते ही मिल एरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया. पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है. साथ ही दुर्घटना में शामिल ट्रक और उसके चालक को हिरासत में ले लिया गया है.
ADVERTISEMENT









