Raebareli viral petrol pump video: रायबरेली में पेट्रोल पंप का बड़ा खेल, 17.68 लीटर का दावा, बाइक में निकला सिर्फ 16 लीटर पेट्रोल

Raebareli News: रायबरेली के करनपुर कुंदनगंज में एक पेट्रोल पंप पर घटतौली का मामला सामने आया है. एक बाइक सवार ने मीटर में 17.68 लीटर पेट्रोल दिखाए जाने पर विरोध किया. जांच में मात्र 16 लीटर पेट्रोल निकला, जिससे लगभग पौने दो लीटर की हेराफेरी उजागर हुई. पीड़ित ने पंप सील करने की मांग की है.

Raebareli Petrol Pump Fraud

Newzo

29 May 2026 (अपडेटेड: 29 May 2026, 01:00 PM)

follow google news

Raebareli News: रायबरेली के करनपुर कुंदनगंज में बाइक सवार दिव्यांशु ने पेट्रोल पंप पर घटतौली पकड़कर 1.68 लीटर पेट्रोल की कमी उजागर की. मामले का वीडियो वायरल होने के बाद जनता में आक्रोश, पीड़ित ने पंप को सील करने की मांग की.

यह भी पढ़ें...

 रायबरेली के बछरांवा क्षेत्र के करनपुर कुंदनगंज स्थित एक पेट्रोल पंप पर गुरुवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक बाइक सवार ने घटतौली का खेल रंगे हाथों पकड़ लिया. इसके बाद जो हाई-वोल्टेज ड्रामा हुआ, उसका वीडियो अब इंटरनेट मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है. वीडियो में युवक पेट्रोल पंप के कर्मचारियों को 'अदालत' लगाकर सवाल-जवाब की कसौटी पर कसता नजर आ रहा है.

'जादू' या 'चोरी'? जब पल्सर की टंकी बनी कुआं

मिली जानकारी के अनुसार, खैरहनी निवासी दिव्यांशु जायसवाल उर्फ जीतू  गुरुवार सुबह करीब 10 बजे अपनी पल्सर बाइक में पेट्रोल भरवाने करनपुर कुंदनगंज के एक पेट्रोल पंप पर पहुंचे थे. बाइक रिजर्व में थी, इसलिए उन्होंने टंकी फुल करने को कहा. खेल तब शुरू हुआ जब पंप के कर्मचारियों ने मीटर रोककर दावा किया कि उन्होंने बाइक में 17.68 लीटर पेट्रोल डाल दिया है. यह सुनते ही जीतू के होश उड़ गए. दरअसल, पल्सर बाइक की टंकी की एक तय क्षमता होती है, और उसमें करीब पौने 18 लीटर पेट्रोल आ जाना किसी 'चमत्कार' से कम नहीं था.

 मौके पर ही खुली 'पोल', कर्मचारियों के छूटे पसीने

संदेह होने पर जीतू ने तुरंत विरोध दर्ज कराया. बात बढ़ी तो युवक ने आर-पार की ठान ली. उसने बीच सड़क पर ही अपनी बाइक की टंकी खुलवा दी और पेट्रोल को नपवाने (माप कराने) की जिद पर अड़ गया.
फिर क्या था... जैसे ही नाप-तौल शुरू हुई, पेट्रोल पंप के दावों की हवा निकल गई. 17.68 लीटर के दावे के मुकाबले टंकी से मात्र 16 लीटर पेट्रोल निकला. यानी सीधे-सीधे करीब पौने दो लीटर तेल का चूना! घटतौली का यह लाइव खेल सामने आते ही मौके पर मौजूद कर्मचारियों के चेहरे की हवाइयां उड़ गईं और उनके पसीने छूटने लगे.

दबंगई और दबाव का खेल: "मामला रफा-दफा करो

पीड़ित दिव्यांशु का आरोप है कि जब उसने इस धांधली का कड़ा विरोध किया, तो कर्मचारियों ने अपनी गलती मानने के बजाय उससे अभद्रता और बदतमीजी शुरू कर दी. इतना ही नहीं, खेल यहीं खत्म नहीं हुआ. आरोप है कि इसके बाद पेट्रोल पंप प्रबंधक अवनीश सिंह ने फोन और क्षेत्र के कुछ रसूखदार लोगों के माध्यम से पीड़ित पर मामले को रफा-दफा करने और समझौता करने का भारी दबाव बनाना शुरू कर दिया.

 सील होगा पेट्रोल पंप? जनता में भारी आक्रोश

अब इस पूरे ड्रामे का वीडियो सोशल मीडिया पर आग की तरह फैल चुका है. लोग पेट्रोल पंपों पर होने वाली इस खुली लूट को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं कर रहे हैं और अपना गुस्सा जाहिर कर रहे हैं. 

पीड़ित जीतू ने जिला प्रशासन और संबंधित विभाग से इस जालसाजी के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए उक्त पेट्रोल पंप को तुरंत सील किए जाने की मांग की है. अब देखना यह है कि प्रशासन इस 'तेज रफ़्तार' धांधली पर कितनी जल्दी एक्शन का 'ब्रेक' लगाता है.