पंचायत चुनाव की मतदाता सूची को लेकर नया शेड्यूल जारी, 10 जून को होगा अंतिम प्रकाशन

Panchayat Election: रायबरेली में पंचायत वोटर लिस्ट पुनरीक्षण की नई समय सारिणी जारी कर दी गई है. 21 अप्रैल से प्रक्रिया शुरू होगी और 10 जून 2026 को अंतिम प्रकाशन होगा. डीएम ने अवकाश के दिनों में भी कार्यालय खुले रखने के निर्देश दिए हैं.

Rae Bareli News

Newzo

• 04:15 PM • 19 Apr 2026

follow google news

Panchayat Election: रायबरेली जिले में त्रिस्तरीय पंचायतों की निर्वाचक नामावली (वोटर लिस्ट) को लेकर बड़ी खबर है. राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिला निर्वाचन अधिकारी हर्षिता माथुर ने मतदाता सूची के पुनरीक्षण कार्य के लिए आंशिक संशोधन करते हुए नई समय सारिणी जारी कर दी है. अब जिले में 10 जून 2026 को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन किया जाएगा.

यह भी पढ़ें...

21 अप्रैल से शुरू होगी प्रक्रिया

डीएम हर्षिता माथुर ने बताया कि पूर्व में जारी सूचना में संशोधन किया गया है. नए शेड्यूल के मुताबिक 21 अप्रैल से 28 मई तक मतदाताओं के डेटा का डुप्लीकेसी चेक (Deduplication) और कंप्यूटरीकरण का कार्य होगा. 29 मई से 09 जून तक मतदेय स्थलों का क्रमांकन, वार्डों की मैपिंग, मतदाता क्रमांकन और सूची की डाउनलोडिंग की जाएगी. 10 जून को आम जनता के लिए निर्वाचक नामावली का अंतिम प्रकाशन कर दिया जाएगा.

छुट्टियों में भी खुले रहेंगे दफ्तर

चुनाव कार्य की संवेदनशीलता को देखते हुए जिला निर्वाचन अधिकारी ने सख्त निर्देश दिए हैं कि पुनरीक्षण अवधि के दौरान पड़ने वाले सार्वजनिक अवकाशों (Holidays) में भी संबंधित कार्यालय खुले रहेंगे. अधिकारी और कर्मचारी निर्धारित समय के भीतर ही सभी कार्यों को पूरा करेंगे ताकि चुनाव प्रक्रिया में कोई देरी न हो.

अधिकारियों को जिम्मेदारी तय

डीएम ने निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (अपर जिलाधिकारी प्रशासन), सभी एसडीएम, खंड विकास अधिकारियों और नोडल अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में डुप्लीकेसी चेक और मैपिंग के कार्य को पारदर्शिता के साथ संपन्न कराएं. यदि किसी मतदाता का नाम एक से अधिक जगह है, तो 'डीडुप्लीकेशन' प्रक्रिया के दौरान उसे हटाकर सूची को त्रुटिहीन बनाया जाएगा.