Raebareli Suspicious Death: रायबरेली में पति से विवाद के बाद विवाहिता की संदिग्ध हालात में मौत, मायके पक्ष ने लगाए प्रताड़ना के आरोप

Raebareli News: रायबरेली के लालगंज में पति से विवाद के बाद 35 वर्षीय विवाहिता ने अपनी जान दे दी. मायके वालों ने ससुरालियों पर प्रताड़ना का आरोप लगाया है.

Rae Bareli News

Newzo

• 08:13 PM • 18 Apr 2026

follow google news

Raebareli News: कहते हैं कि घर की चारदीवारी के पीछे क्या चल रहा है इसका अंदाजा पड़ोसियों को भी नहीं होता.रायबरेली के लालगंज कोतवाली के संत नगर मोहल्ले में शनिवार सुबह एक ऐसी ही दिल दहला देने वाली घटना घटी जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी. पति से हुए मामूली विवाद के बाद एक विवाहिता ने मौत को गले लगा लिया.

यह भी पढ़ें...

मूल रूप से सरेनी क्षेत्र के कुशल खेड़ा की रहने वाली गुड़िया देवी (35) अपने पति राकेश यादव के साथ संत नगर में किराए के मकान में रहती थी.मोहल्ले वालों की मानें तो शुक्रवार को पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर तीखी नोकझोंक हुई थी. शनिवार सुबह जब राकेश काम के सिलसिले में घर से बाहर गया और 12 साल की मासूम बेटी पड़ोस में खेलने चली गई तब गुड़िया ने खौफनाक कदम उठाने का फैसला किया.

उसने घर का दरवाजा अंदर से बंद किया और अपनी जान दे दी. जब काफी देर तक घर के भीतर से कोई हलचल नहीं हुई तो अनहोनी की आशंका में लोगों ने दरवाजा खोला. अंदर का मंजर देखते ही सबकी रूह कांप गई, सामने गुड़िया का बेजान शरीर पड़ा हुआ था.

पुलिस और मायके वालों के अपने-अपने दावे

सूचना मिलते ही लालगंज पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा.हालांकि यह मामला सिर्फ आत्महत्या तक सीमित नहीं दिख रहा है.लालगंज प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह आत्महत्या का मामला है. लेकिन हर पहलू की बारीकी से जांच की जा रही है. उधर मृतका के मायके पक्ष ने ससुरालियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं. उनका कहना है कि गुड़िया पिछले काफी समय से मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना झेल रही थी. "वो आत्महत्या नहीं कर सकती, उसे मजबूर किया गया है," यह कहते हुए मायके वालों ने न्याय की गुहार लगाई है.

क्या है सच्चाई?

क्या यह महज क्षणिक गुस्से में उठाया गया कदम था या फिर लंबे समय से सुलग रही प्रताड़ना की आग का नतीजा? पुलिस अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट और कॉल डिटेल्स के जरिए मौत के असली 'विलेन' की तलाश कर रही है. मासूम बेटी के सिर से मां का साया उठने के बाद अब मोहल्ले में सन्नाटा पसरा है और चर्चाओं का बाजार गर्म है.