Raebareli wedding news: रायबरेली के सरेनी थाना क्षेत्र के रासी गांव में मंगलवार का दिन खुशियों के बजाय दुखों का सैलाब लेकर आया. जिस घर में शहनाइयों की गूंज होनी थी, वहां अचानक सन्नाटा पसर गया. दुल्हन लाल जोड़े में तैयार थी और सहेलियां बारात के स्वागत की रस्मों में व्यस्त थीं, तभी एक फोन कॉल ने पूरे परिवार के होश उड़ा दिए. शादी के चंद घंटे पहले दूल्हा पुलिस की गिरफ्त में पहुंच गया.क्योंकि वह पहले से ही शादीशुदा निकला और चोरी-छिपे दूसरी शादी रचाने जा रहा था.
ADVERTISEMENT
10 लाख रुपये और खुशियां हुईं राख
पीड़ित परिवार के अनुसार, रासी गांव की रहने वाली पिंकी (बदला हुआ नाम) की शादी उन्नाव के अजगैन निवासी प्रवेश साहू से तय हुई थी. तिलक और बरीक्षा जैसी रस्में धूमधाम से पूरी की जा चुकी थीं. बेटी की विदाई को यादगार बनाने के लिए पिता ने अपनी जीवनभर की कमाई यानी करीब 10 लाख रुपये खर्च कर दिए थे. घर में हलवाई का काम चल रहा था और बारात का इंतज़ार था. लेकिन नियति को कुछ और ही मंज़ूर था.
'पहली पत्नी' ने किया बड़ा खुलासा
इस धोखे का खुलासा तब हुआ जब दूल्हे राजा की पहली पत्नी ने अजगैन कोतवाली में पहुंचकर पुलिस के सामने हंगामा कर दिया. महिला ने कोर्ट मैरिज के दस्तावेज पेश करते हुए पुलिस को बताया कि प्रवेश साहू ने 16 जनवरी 2026 को ही उससे प्रेम विवाह किया था. अब वह उसे धोखा देकर चोरी-छिपे रायबरेली में दूसरी शादी रचाने की तैयारी कर रहा है.
पुलिस ने मंडप के बजाय हवालात पहुंचाया
सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले की गंभीरता को समझते हुए तुरंत एक्शन लिया और दूल्हे को उसके कृष्णा नगर स्थित घर से धर दबोचा. जैसे ही रासी गांव में यह खबर पहुंची कि 'दूल्हा जेल में है' तो शादी वाले घर में कोहराम मच गया. दुल्हन के पिता और परिजन इस सदमे से बदहवास हो गए.
कानूनी शिकंजे में आरोपी
धोखाधड़ी की शिकार हुई युवती के परिजनों ने मंगलवार रात सरेनी थाने में आरोपी दूल्हे के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई है. पुलिस का कहना है कि मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है. भले ही इस घटना में परिवार की जमा-पूंजी और शादी का खर्च डूब गया. लेकिन इलाके के लोग इसे एक बड़ी राहत मान रहे हैं कि समय रहते एक मासूम लड़की की जिंदगी बर्बाद होने से बच गई.
ADVERTISEMENT









