Raebareli news: रायबरेली हरचंदपुर विधानसभा में स्मार्ट मीटरों की 'धमक' से सहमे उपभोक्ताओं के लिए राहत की खबर है। बिजली के बेतहाशा बढ़ते बिल और तकनीकी खामियों को लेकर हरचंदपुर विधायक राहुल लोधी ने आर-पार की जंग छेड़ दी है. बुधवार को त्रिपुला स्थित मुख्य अभियंता (चीफ इंजीनियर) कार्यालय पहुंचे विधायक ने बिजली विभाग के आला अफसरों की क्लास लगाई और दो-टूक शब्दों में कहा— "जनता का शोषण बर्दाश्त नहीं होगा, लापरवाही सुधारी जाए वरना विधानसभा सत्र में जवाब तैयार रखिएगा."
ADVERTISEMENT
अधिकारियों के पसीने छुड़ाए, फाइलें खंगालीं
बैठक के दौरान विधायक राहुल लोधी ने मुख्य अभियंता रविचंद्र श्रीवास्तव के सामने शिकायतों का पुलिंदा खोल दिया.उन्होंने आरोप लगाया कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद से बिलों में अचानक उछाल आया है, जो आम जनता की जेब पर डाका डालने जैसा है. विधायक ने तल्ख लहजे में पूछा कि आखिर बिना किसी ठोस आधार के बिल अनियमित कैसे हो रहे हैं? उन्होंने तकनीकी खामियों को तुरंत दुरुस्त करने के कड़े निर्देश दिए.
जर्जर तारों और अघोषित कटौती पर बिफरे विधायक
सिर्फ स्मार्ट मीटर ही नहीं, बल्कि विधानसभा क्षेत्र के गांवों में लटकते जर्जर तारों और बार-बार हो रही ट्रिपिंग पर भी विधायक का गुस्सा फूटा.उन्होंने कहा कि उमस और गर्मी के बीच बिजली आपूर्ति की अनियमितता जनता को परेशान कर रही है. अफसरों को निर्देश दिया गया कि हर ब्लॉक के लिए एक ठोस कार्ययोजना (Action Plan) बनाई जाए ताकि बिजली संकट का स्थायी समाधान हो सके.
विधानसभा सत्र में गूंजेगा मुद्दा
विधायक लोधी ने तेवर कड़े करते हुए कहा कि जनता का विश्वास हमारी सबसे बड़ी जिम्मेदारी है. अगर बिजली विभाग ने अपनी कार्यप्रणाली नहीं सुधारी, तो इस मुद्दे को आगामी विधानसभा सत्र में पूरी मजबूती के साथ उठाया जाएगा. किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी.इस मौके पर अधीक्षण अभियंता (प्रथम) अखिलेश कुमार सहित विभाग के कई अन्य जिम्मेदार अधिकारी भी मौजूद रहे, जिन्हें विधायक के कड़े सवालों के सामने सफाई देते देखा गया.
ADVERTISEMENT









