Raebareli Usury Case: ‘सब कुछ दे दिया, अब जान पर बन आई’ – रायबरेली में सूदखोरों का आतंक, SP से लगाई गुहार”

Raebareli News: रायबरेली में सूदखोरों ने ब्याज के नाम पर एक युवक को अपना शिकार बनाया है. साढ़े 4 लाख के कर्ज के बदले 6.5 लाख देने के बावजूद दबंग 6.5 लाख और मांग रहे हैं. पीड़ित के अपहरण और पिटाई के बाद पुलिस जांच कर रही है.

Raebareli News

Newzo

• 04:23 PM • 22 Apr 2026

follow google news

Raebareli News: रायबरेली जिले में सूदखोरी का अजगर एक और मासूम परिवार को निगलने पर आमादा है. लालगंज थाना क्षेत्र में दबंगों ने ब्याज का ऐसा जाल बुना कि एक युवक पाई-पाई के लिए मोहताज हो गया. हैरानी की बात यह है कि मूलधन से ज्यादा रकम वसूलने के बाद भी सूदखोरों की भूख शांत नहीं हुई है. अब साढ़े छह लाख रुपये की अतिरिक्त डिमांड को लेकर पीड़ित को अगवा कर पीटने का सनसनीखेज आरोप लगा है.

यह भी पढ़ें...

ब्याज का 'मायाजाल': साढ़े 4 लाख बने 13 लाख!

तौधकपुर गांव के रहने वाले अनुज त्रिवेदी की मानें तो उन्होंने अपनी जरूरतों के लिए अन्नू सिंह और सरवन सिंह से 4 लाख 50 हजार रुपये उधार लिए थे. पीड़ित का दावा है कि वह अब तक किस्तों में 6 लाख 50 हजार रुपये वापस कर चुका है. यानी मूलधन से 2 लाख ऊपर! लेकिन सूदखोरों के बहीखाते का गणित कुछ और ही कह रहा है. दबंग अब भी 6 लाख 50 हजार रुपये की और मांग कर रहे हैं.

दहशत का तांडव: घर से उठाकर ले गए दबंग

पीड़ित अनुज ने एसपी कार्यालय में आपबीती सुनाते हुए बताया कि रुपये न देने पर आरोपियों ने उसे सरेराह अगवा कर लिया. आरोप है कि तीन अज्ञात साथियों के साथ मिलकर दबंगों ने उसकी बेरहमी से पिटाई की और जान से मारने की धमकी दी. इस घटना के बाद से अनुज और उसका परिवार खौफ के साये में जीने को मजबूर है. आलम यह है कि घर के बच्चे और महिलाएं बाहर निकलने से भी कतरा रही हैं.

एक्शन में एसपी: जांच के घेरे में दबंग

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी ने तत्काल संज्ञान लिया है. पीड़ित की तहरीर पर लालगंज कोतवाली को मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं. पुलिस अब उन अज्ञात चेहरों की तलाश में जुटी है जो इस काले कारोबार में अन्नू और सरवन के मददगार बने हुए थे.