Saharanpur News: सहारनपुर पुलिस ने सड़कों पर खतरनाक तरीके से कार चलाकर स्टंट करने वाले युवक के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया है. यह पूरा मामला थाना बेहट क्षेत्र का है, जहां सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो में पुलिस ने संज्ञान लेते हुए त्वरित कार्रवाई की है और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.
ADVERTISEMENT
पुलिस के अनुसार, वायरल वीडियो में एक स्विफ्ट डिजायर कार (UP 11 CZ 1305) को सड़क पर लापरवाही और खतरनाक ढंग से चलाते हुए स्टंट किया जा रहा था, जिससे आमजन की सुरक्षा को खतरा पैदा हो रहा था. मामले की गंभीरता को देखते हुए व वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना बेहट पुलिस ने आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया.
स्टंट में इस्तेमाल स्विफ्ट डिजायर कार को किया गया सीज
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान तौकीर पुत्र तैय्यब निवासी ग्राम नंगला बाबैल खुर्द, थाना बेहट, जनपद सहारनपुर के रूप में हुई है. पुलिस ने आरोपी के कब्जे से स्टंट में इस्तेमाल स्विफ्ट डिजायर कार को मोटर वाहन अधिनियम की धारा 207 के तहत सीज कर लिया है. इस मामले में थाना बेहट में मुकदमा पंजीकृत किया गया है. पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है.
सहारनपुर पुलिस ने स्पष्ट चेतावनी
वहीं, सहारनपुर पुलिस ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि सड़कों पर स्टंट या रेसिंग जैसी गतिविधियों को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. ऐसे मामलों में कठोर कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके.
ADVERTISEMENT









