Saharanpur News: बिहारीगढ़ थाना क्षेत्र स्थित ग्राम कुरडी खेड़ा में ईद के मौके पर आयोजित मेले में एक गंभीर मारपीट का मामला सामने आया है. आरोप है कि मेले में तैनात कर्मचारियों ने एक नाबालिग लड़के के साथ मामूली कहासुनी को लेकर बेरहमी से मारपीट की.बताया जा रहा है कि शेरपुर निवासी नाबालिग किसी बात को लेकर मेले के कर्मचारियों के संपर्क में आया जिसके बाद विवाद बढ़ गया और कर्मचारियों ने उसके साथ हाथापाई शुरू कर दी.
ADVERTISEMENT
भाई को बचाने आई बहन के बाल भी खींचे
इस दौरान जब उसकी बहन ने बीच-बचाव कर अपने भाई को छुड़ाने का प्रयास किया तो आरोपियों ने उसके साथ भी अभद्र व्यवहार किया. पीड़िता के बाल खींचे जाने की बात भी सामने आई है जिससे परिवार में आक्रोश व्याप्त है. घटना के बाद पीड़ित पक्ष की ओर से नाबालिग की मां ने थाना बिहारीगढ़ में लिखित तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है.
पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी
पुलिस ने मामले को संज्ञान में लेते हुए जांच शुरू कर दी है. स्थानीय लोगों का कहना है कि मेले में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं और ऐसी घटनाएं प्रशासन की तैयारियों पर भी प्रश्नचिह्न लगाती हैं. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की बात कही जा रही है.
ADVERTISEMENT









