सहारनपुर: ईद के मौके पर शहर के दिल्ली रोड स्थित ताहरपुर और कांशीराम कॉलोनी इलाके में कुछ युवकों द्वारा लापरवाही और हुड़दंगबाजी का मामला सामने आया है.
ADVERTISEMENT
आरोप है कि आधा दर्जन से अधिक युवक एक ट्रैक्टर पर सवार होकर कॉलोनी की सड़कों पर तेज रफ्तार में घूमते रहे। इस दौरान क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया और लोग अपने घरों से बाहर निकलकर स्थिति देखने लगे। स्थानीय लोगों के अनुसार, जिस समय युवक ट्रैक्टर दौड़ा रहे थे, उस समय कॉलोनी में छोटे-छोटे बच्चे खेल रहे थे। कई बार लोगों ने युवकों को समझाने और ट्रैक्टर की गति धीमी करने के लिए कहा, लेकिन उन्होंने किसी की नहीं सुनी। उल्टा, ट्रैक्टर की रफ्तार और बढ़ा दी, जिससे बड़ा हादसा होने का खतरा पैदा हो गया। गनीमत रही कि कोई गंभीर दुर्घटना नहीं हुई और बच्चे बाल-बाल बच गए।बताया जा रहा है कि ट्रैक्टर चला रहा एक युवक पास के ही किसी गांव का निवासी है.
घटना का करीब 12 सेकेंड का वीडियो किसी स्थानीय व्यक्ति ने बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि ट्रैक्टर तेज गति से रिहायशी इलाके में दौड़ाया जा रहा है.
घटना के बाद क्षेत्र के लोगों में आक्रोश है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए संबंधित युवकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की लापरवाही दोबारा न हो सके.
ADVERTISEMENT









