दामाद को आधी रात को किया फोन और कहा ‘मैंने तेरी सास को मार दिया’, सलीम ने पत्नी शबाना साथ ये क्या कर दिया?

Saharanpur News: सहरानपुर के रामपुर मनिहारान में 40 वर्षीय शबाना की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत ने इलाके को हिला दिया. परिजनों का आरोप है कि पति सलीम ने नशीला पदार्थ देकर और तकिये से मुंह दबाकर हत्या की.

राहुल कुमार

• 11:07 AM • 15 Mar 2026

follow google news

Saharanpur News: सहरानपुर जिले के रामपुर मनिहारान थाना क्षेत्र के मोहल्ला महल में उस समय सनसनी फैल गई, जब एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत की खबर सामने आई. आधी रात को आई एक फोन कॉल ने पूरे परिवार और इलाके को सन्न कर दिया. जब परिजन मौके पर पहुंचे तो घर के अंदर 40 वर्षीय शबाना मृत अवस्था में पड़ी मिलीं, जबकि उनका पति मौके से फरार था. परिजनों ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि शबाना की हत्या उनके पति सलीम ने नशीला पदार्थ देकर और तकिये से मुंह दबाकर की है. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.

यह भी पढ़ें...

शादी के बाद से चल रहा था विवाद

परिवार के अनुसार शबाना की शादी लगभग 20 साल पहले गागलहेड़ी थाना क्षेत्र के गांव कैलाशपुर निवासी सलीम से हुई थी. आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद से ही सलीम का व्यवहार हिंसक हो गया था और वह अक्सर शबाना के साथ मारपीट करता था. इस विवाद को लेकर कई बार पंचायत भी बुलाई गई, लेकिन हालात में कोई सुधार नहीं हुआ.

बेटी की सुरक्षा के लिए बनवाया था अलग मकान

बताया जा रहा है कि बेटी की सुरक्षा और शांति से रहने के लिए उसके परिवार ने रामपुर मनिहारान क्षेत्र में ही उसके लिए एक अलग मकान बनवा दिया था. इसके बावजूद पति-पत्नी के बीच विवाद और उत्पीड़न की घटनाएं खत्म नहीं हुईं. परिजनों का कहना है कि सलीम का व्यवहार समय के साथ और अधिक आक्रामक होता चला गया.

आधी रात को आया फोन, तब हुआ घटना का खुलासा

मृतका के पिता इनाम ने बताया कि देर रात करीब 12:30 बजे उनके दामाद का फोन आया. फोन पर बताया गया कि सलीम ने खुद कॉल करके कहा था कि उसने अपनी पत्नी की हत्या कर दी है और घरवालों को इसकी जानकारी दे दी जाए. यह खबर मिलते ही परिवार के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे. वहां पहुंचने पर उन्होंने देखा कि शबाना घर के अंदर मृत अवस्था में पड़ी हुई थी, जबकि आरोपी वहां से फरार हो चुका था.

पुलिस ने जुटाए साक्ष्य, सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य एकत्र किए. साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है ताकि आरोपी की गतिविधियों का पता लगाया जा सके.

पुलिस का बयान, जांच जारी

इस मामले को लेकर व्योम बिंदल ने बताया कि देर रात रामपुर मनिहारान थाना क्षेत्र से एक महिला का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने की सूचना मिली थी. पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. परिजनों ने महिला के पति पर हत्या का आरोप लगाया है और यह भी कहा है कि आरोपी ने खुद फोन कर वारदात की जानकारी दी थी. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के असली कारण स्पष्ट हो सकेंगे.

पिता ने लगाई न्याय की गुहार

मृतका के पिता इनाम का कहना है कि उनकी बेटी की हत्या की गई है. उन्होंने बताया कि रात करीब 12:30 बजे कॉल आने के बाद जब वे मौके पर पहुंचे तो घर का दरवाजा खुला हुआ था और उनकी बेटी मृत पड़ी थी. आरोपी सलीम वहां से फरार था. उन्होंने मांग की है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर कड़ी से कड़ी सजा दी जाए.

यह भी पढ़ें: लखनऊ घूमने आई इंफ्लुएंसर मान्या सिंह पर बड़ा इमामबाड़ा में हिजाब पहने का बनाया गया दवाब, वीडियो बनाकर खोली टूरिस्ट प्लेस अंदर की पोल!