Bareilly SP news: समाजवादी पार्टी के नवनियुक्त जिलाध्यक्ष शुभलेश यादव के स्वागत में रामपुर गार्डन में आयोजित कार्यक्रम में दलित समाज की मजबूत एकजुटता देखने को मिली. कार्यक्रम का नेतृत्व पूर्व जिला उपाध्यक्ष एवं वाल्मीकि समाज के वरिष्ठ नेता गुरु प्रसाद काले ने किया. इस अवसर पर कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं से स्वागत कर उत्साह व्यक्त किया और पार्टी के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई.
ADVERTISEMENT
गुरु प्रसाद काले ने अपने संबोधन में कहा कि वर्तमान समय में आम जनता भाजपा सरकार की नीतियों, विशेष रूप से निजीकरण और कथित भ्रष्टाचार को लेकर असंतोष जता रही है. उन्होंने दावा किया कि वाल्मीकि समाज सहित दलित वर्ग अब खुलकर समाजवादी पार्टी और अखिलेश यादव के समर्थन में खड़ा है. उनके अनुसार, पार्टी की नीतियां समाज के कमजोर और वंचित वर्गों के हित में हैं, जिससे लोगों का विश्वास लगातार बढ़ रहा है.
कार्यक्रम में मौजूद कार्यकर्ताओं ने अखिलेश यादव द्वारा शुभलेश यादव को जिलाध्यक्ष बनाए जाने के निर्णय की सराहना की. उन्होंने इसे संगठन को नई ऊर्जा देने वाला कदम बताया और कहा कि इससे पार्टी की जमीनी पकड़ और मजबूत होगी.
इस दौरान सपा नेता दिनेश यादव, श्याम सुंदर वाल्मीकि, इंजीनियर अतिकाय सिंह और डॉ. सी.पी. आर्या समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे. बड़ी संख्या में जुटे कार्यकर्ताओं ने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने का संकल्प लिया.
ADVERTISEMENT









