Gonda Crime News: शहर में राह चलते महिलाओं के बैग से जेवर चोरी करने वाले संगठित गिरोह का कोतवाली नगर पुलिस ने पर्दाफाश करते हुए 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक किशोरी को पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है. आरोपियों के कब्जे से चोरी के सोने-चांदी के आभूषण भी बरामद किए गए हैं.
ADVERTISEMENT
पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी अजीत कुमार रजक के पर्यवेक्षण और क्षेत्राधिकारी नगर आनन्द कुमार राय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की. मामला 29 अप्रैल 2026 को दर्ज हुआ था, जब रेनू गुप्ता नामक महिला ने शिकायत दी कि ई-रिक्शा में सफर के दौरान अज्ञात महिलाओं ने उसके बैग से मंगलसूत्र, कान के झाले और नथुनी चोरी कर ली.
जांच के दौरान पुलिस ने गिरोह के सदस्यों अनीशा, निप्ती, अन्नू देवी, प्रियंका, गोविन्दा, हरिओम और अखिलेश को विभिन्न स्थानों से गिरफ्तार किया. पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे भीख मांगने के बहाने अलग-अलग शहरों में घूमते हैं और भीड़भाड़ वाले स्थानों जैसे बस अड्डों व बाजारों में महिलाओं को निशाना बनाकर चोरी करते हैं.
पुलिस ने आरोपियों के पास से मंगलसूत्र, अंगूठियां, नथुनी, झुमके, पायल, बिछिया समेत कई कीमती आभूषण बरामद किए हैं. सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय भेजा गया है. पुलिस टीम में उपनिरीक्षक सुनील कुमार, आरती वर्मा सहित कई अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे.
ADVERTISEMENT









