बरेली में बेटी के काम का पैसा लेने मालकिन के पास गईं बिमला देवी को मिले 1-2 नहीं 11 जोरदार थप्पड़, पूरा मामला चौंका देगा

Bareilly Assault News: उत्तर प्रदेश के बरेली से इंसानियत को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है. यहां एक महिला को अपनी बेटी की मजदूरी मांगना इतना भारी पड़ गया कि मालकिन ने उसके साथ बेरहमी से मारपीट कर दी.

Bareilly News

यूपी तक

01 May 2026 (अपडेटेड: 01 May 2026, 11:30 AM)

follow google news

Bareilly News: उत्तर प्रदेश के बरेली से इंसानियत को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है. यहां एक महिला को अपनी बेटी की मजदूरी मांगना इतना भारी पड़ गया कि मालकिन ने उसके साथ बेरहमी से मारपीट कर दी. आरोप है कि महिला को एक के बाद एक 11 थप्पड़ मारे गए, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. इस घटना ने लोगों को झकझोर कर रख दिया है.

यह भी पढ़ें...

बेटी के इलाज के लिए मां पहुंची थी पैसे लेने

जानकारी के मुताबिक, यह मामला बरेली के सुभाष नगर थाना क्षेत्र का है. पीड़ित महिला विमला देवी ने बताया कि उसकी बेटी पिछले 8 महीनों से करगैना इलाके में एक महिला के घर पर झाड़ू-पोछा का काम करती थी. इसी बीच बेटी की तबीयत खराब हो गई और उसे इलाज के लिए दिल्ली भेजा गया. बीमारी के चलते बेटी ने अपनी मां को मालकिन के पास बकाया मजदूरी लेने भेजा ताकि इलाज का खर्च उठाया जा सके. लेकिन जब मां पैसे मांगने पहुंची तो उसके साथ जो हुआ, वह बेहद चौंकाने वाला था.

गाली-गलौज के बाद मारपीट की

पीड़िता के अनुसार, जैसे ही उसने मालकिन से पैसे मांगे, वह आग-बबूला हो गई. उसने न केवल गाली-गलौज की बल्कि महिला को थप्पड़ मारना शुरू कर दिया. आरोप है कि मालकिन ने लगातार 11 थप्पड़ जड़े और उसे बेइज्जत किया. इस दौरान किसी ने इस पूरी घटना का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि महिला किस तरह लगातार थप्पड़ मार रही है, जबकि पीड़िता बेबस नजर आ रही है.

8 महीने की मजदूरी भी नहीं दी

पीड़िता ने पुलिस को बताया कि उसकी बेटी की 5000 रुपये महीना मजदूरी तय हुई थी, लेकिन पिछले 8 महीनों से उसे एक भी पैसा नहीं दिया गया. इस हिसाब से करीब 40 हजार रुपये बकाया हैं. इतना ही नहीं, महिला ने आरोप लगाया कि पैसे मांगने पर उसे जान से मारने की धमकी भी दी गई. इस घटना के बाद पीड़िता ने न्याय की गुहार लगाते हुए पुलिस का दरवाजा खटखटाया.

SSP से शिकायत, पुलिस ने शुरू की जांच

विमला देवी ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य को शिकायत पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है. शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. अधिकारियों का कहना है कि वायरल वीडियो की भी जांच की जा रही है और दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. वहीं वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों का गुस्सा फूट पड़ा है. लोग आरोपी महिला के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं. कई यूजर्स ने इसे मानवता के खिलाफ अपराध बताते हुए न्याय की मांग की है.