Baghpat Crime News: उत्तर प्रदेश के बागपत और सहारनपुर के बीच फैली इस डबल मर्डर मिस्ट्री ने पुलिस महकमे से लेकर आम लोगों तक को सन्न कर दिया है. 10 दिनों के भीतर एक शख्स और उसकी संदिग्ध महिला मित्र की लाशें अलग-अलग जंगलों में मिलने से यह मामला पेचीदा बन गया है. एक तरफ डूडा विभाग के अफसर विक्रांत सिंह की मौत का राज है, तो दूसरी तरफ उनकी तथाकथित प्रेमिका राखी कश्यप का शव मिलना इस मामले को और उलझा दे रहा है. अब सवाल यह है कि क्या यह लव स्टोरी का खूनी अंत है या फिर इन दोनों के बीच कोई तीसरा किरदार है जिसने इस पूरी वारदात को अंजाम दिया?
ADVERTISEMENT
कब हुई मामले की शुरुआत?
पूरे मामले की शुरुआत 16 अप्रैल को हुई, जब बागपत में तैनात डूडा विभाग के सीएमएम (CMM) विक्रांत कुमार रहस्यमयी ढंग से लापता हो गए. परिजनों की चिंता तब मातम में बदल गई जब अगले ही दिन यानी 17 अप्रैल को सहारनपुर के बड़ागांव इलाके में उनका शव बरामद हुआ. पहचान होने के बाद उनका अंतिम संस्कार तो कर दिया गया, लेकिन उनकी पत्नी प्राची के आरोपों ने केस को नया मोड़ दे दिया.
फिर शक के घेरे में आई राखी कश्यप
विक्रांत की पत्नी ने राखी कश्यप नाम की युवती पर अपने पति को गायब करने और हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया था. पुलिस जांच में सामने आया कि विक्रांत और राखी के बीच लंबे समय से संबंध थे और विक्रांत ने बागपत में ही राखी के लिए एक किराए का कमरा ले रखा था. 23 अप्रैल को बागपत पुलिस ने राखी से पूछताछ भी की थी, लेकिन तब पुलिस को कुछ खास हासिल नहीं हुआ.
अब राखी की भी मिली लाश, मिस्ट्री हुई और गहरी
अभी पुलिस विक्रांत की मौत की गुत्थी सुलझा ही रही थी कि 27 अप्रैल की रात सहारनपुर के मिर्जापुर थाना क्षेत्र के रजापुर नौगांव के जंगल में एक युवती का शव मिला. शिनाख्त होने पर पता चला कि यह वही राखी कश्यप है, जो विक्रांत केस की मुख्य संदिग्ध थी. 10 दिन के भीतर दोनों प्रेमियों का शव सहारनपुर में ही मिलना इस बात की ओर इशारा कर रहा है कि उनका 'सहारनपुर कनेक्शन' ही उनकी मौत की वजह बना.
पुलिस पर उठ रहे सवाल
इस डबल मिस्ट्री ने पुलिस की मुस्तैदी पर भी सवालिया निशान लगा दिए हैं. जब राखी कश्यप मुख्य संदिग्ध थी, तो पूछताछ के बाद उस पर कड़ी नजर क्यों नहीं रखी गई? वह पुलिस की आंखों के सामने से बागपत छोड़कर सहारनपुर कैसे पहुंच गई? राखी कश्यप की असली पहचान और मूल निवास अब तक रहस्य क्यों बना हुआ है?
क्या ये साजिश या आत्महत्या?
पुलिस अब इस एंगल पर जांच कर रही है कि क्या विक्रांत की मौत के बाद राखी ने डर या ग्लानि में जान दी, या फिर किसी तीसरे पक्ष ने दोनों को रास्ते से हटाने के लिए उन्हें सहारनपुर बुलाया और एक-एक कर उनकी हत्या कर दी.
ADVERTISEMENT









