आहट न हो इसलिए चप्पल उतारकर ससुराल में घुसा कातिल दामाद... पत्नी और सास को उतारा मौत के घाट, क्यों किया ऐसा?

अनिल अकेला

27 Apr 2026 (अपडेटेड: 27 Apr 2026, 10:57 AM)

Ballia Crime News: उत्तर प्रदेश के बलिया में अमित नामक शख्स ने अपनी पत्नी प्रीति और सास की चाकू मारकर हत्या कर दी. प्रेम विवाह के 4 साल बाद इस विवाद ने खूनी रूप ले लिया. आरोपी फरार.

Ballia Crime News

Ballia Crime News

Google CTA

Ballia Crime News: उत्तर प्रदेश के बलिया से एक ऐसी रूह कंपा देने वाली वारदात सामने आई है, जहां एक लव मैरिज का अंत खूनी नरसंहार के साथ हुआ. जिस प्यार के लिए 4 साल पहले अमित और प्रीति ने दुनिया से बगावत की थी, उसी अमित ने देर रात ससुराल में घुसकर अपनी पत्नी और सास की बेरहमी से हत्या कर दी. इस जानलेवा हमले में ससुर और साली की भी जान लेने की कोशिश की गई.

यह भी पढ़ें...

प्यार से शुरू हुआ था सफर, नफरत पर हुआ खत्म

प्रीति और अमित ने साल 2022 में परिजनों की मर्जी के खिलाफ लव मैरिज की थी. शादी के 4 साल तक अमित कभी ससुराल नहीं आया, लेकिन हाल ही में जब वह वापस लौटा तो लगा कि सब ठीक हो जाएगा. हालांकि पिछले 10 दिनों से प्रीति अपने बच्चे के साथ मायके में रह रही थी. परिजनों का आरोप है कि विदाई के बाद अमित उसे घर न ले जाकर कहीं और ले गया और उसके साथ मारपीट की, जिसके बाद यह विवाद गहरा गया.

आधी रात को दीवार फांदकर मौत बनकर आया दामाद

देर रात करीब 12:45 बजे अमित दीवार फांदकर और छत के रास्ते घर में घुसा. आहट न हो इसलिए उसने अपनी चप्पल भी उतार दी थी. वह सीधे उस कमरे में पहुंचा जहां प्रीति अपने बच्चे के साथ सो रही थी. आरोपी ने पहले सो रहे बच्चे को जबरन छीनने का प्रयास किया. जब प्रीति की नींद खुली और उसने विरोध किया, तो अमित ने उस पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिए. चीख सुनकर जब सास सुशीला देवी और ससुर अंतु गुप्ता बचाने आए, तो सिरफिरे अमित ने उन्हें भी नहीं बख्शा. हमले में प्रीति और उसकी मां की मौके पर ही मौत हो गई.

'वह पहले भी मर्डर कर चुका है'

मृतक प्रीति की बहन ने बताया कि अमित बेहद शातिर तरीके से घर में घुसा था. उसने बताया, "वह मेरे पिता और मुझ पर भी हमला कर रहा था. किसी तरह मैंने बच्चे को खींचकर कमरे में बंद किया और अपनी जान बचाई." परिजनों ने यह सनसनीखेज दावा भी किया कि अमित पहले भी किसी की हत्या कर चुका है, जिसकी जानकारी उन्हें नहीं थी.

तीन टीमें फरार आरोपी की तलाश में

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा. ससुर अंतु गुप्ता की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें वाराणसी रेफर किया गया है. बलिया पुलिस के अनुसार, आरोपी अमित कुमार गुप्ता के संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है. गिरफ्तारी के लिए सर्विलांस और स्वाट टीम समेत कुल तीन टीमें लगाई गई हैं. पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

यहां देखें वीडियो: