Mathura dalit woman harassment: मथुरा के गोवर्धन तहसील क्षेत्र थाना मगोर्रा के नगला भूचन गांव में एक दलित महिला ने कुछ ग्रामीणों पर मारपीट, गाली-गलौज और जातिसूचक टिप्पणी करने का आरोप लगाया है. महिला का यह भी आरोप है कि आरोपियों ने उनके बकरे को जहर देकर मार दिया. पीड़िता ने पुलिस से इस मामले में रिपोर्ट दर्ज कर सख्त कार्रवाई और सुरक्षा की मांग की है.
ADVERTISEMENT
नगला भूचन ग्राम निवासी पूजा देवी पत्नी राजकुमार के अनुसार 15 अप्रैल को गांव के कुछ लोगों ने उनके साथ गाली-गलौज करते हुए जातिसूचक शब्दों का प्रयोग किया था. इस घटना के संबंध में उन्होंने उसी दिन थाना मगोर्रा में शिकायत दर्ज कराई थी. लेकिन उस समय कोई कार्रवाई नहीं हुई.
पीड़िता ने आरोप लगाया है कि 28 अप्रैल 2026 की सुबह जब उनके पति घर पर नहीं थे तब आरोपियों ने उनके घर के बाहर बंधे बकरे को जहरीला पदार्थ खिला दिया जिससे उसकी मौत हो गई. पति ने घटना का विरोध किया तो आरोपियों ने उनके साथ मारपीट की. आसपास के लोगों के मौके पर पहुंचने और बीच-बचाव करने के बाद पीड़िता के पति को बचाया जा सका.
आरोप है कि जाते समय आरोपियों ने उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी. पीड़िता ने गुरुवार को क्षेत्राधिकारी अनिल कुमार को शिकायत सौंपते हुए बताया कि आरोपी दबंग प्रवृत्ति के हैं और गरीबों की जमीनों पर कब्जा करते हैं. इस कारण उनका परिवार भयभीत है। क्षेत्राधिकार ने बताया कि मामले की शिकायत प्राप्त हुई है. थाना मगोर्रा पुलिस को जाँच कर तत्काल रिपोर्ट दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं. दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.
ADVERTISEMENT









