Mathura Barsana Land Dispute Violence 9 Accused Arrested Attempt to Murder Riot Case: थाना बरसाना क्षेत्र के गांव ढभाला में जमीन विवाद को लेकर हुए खूनी संघर्ष के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दोनों पक्षों के 9 वांछित आरोपियों को गिरफ्तार किया है. सभी आरोपियों को गांव ढभाला से देर रात दबिश देकर पकड़ा गया. पुलिस ने उनके खिलाफ हत्या के प्रयास, बलवा, मारपीट, गाली-गलौज और सार्वजनिक शांति भंग करने समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है.
ADVERTISEMENT
पुलिस के अनुसार 27 अप्रैल की सुबह करीब 7:30 बजे गांव ढभाला में जमीन के विवाद को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए थे. विवाद इतना बढ़ा कि दोनों ओर से लाठी-डंडे, फावड़ा, दरांती, ईंट-पत्थर से हमला किया गया. घटना से गांव में भगदड़ मच गई और लोग अपने घरों में दुबक गए. हमले में बिजली पोल पर लगी लाइटें भी क्षतिग्रस्त हो गईं.
सभी आरोपी गांव ढभाला के निवासी
गिरफ्तार आरोपियों में नेमो उर्फ नेम सिंह, बलराम उर्फ गंगाराम, शिब्बो, मोहनो, जगवीर, श्याम सुंदर, भगवान सिंह, भवन और महेंद्र शामिल हैं. सभी आरोपी गांव ढभाला के निवासी बताए गए हैं. पुलिस ने मौके से तीन लाठी-डंडे, ईंट-पत्थर तथा जूते-चप्पल बरामद किए हैं. सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है. कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक अश्वनी कुमार समेत बरसाना थाना पुलिस टीम शामिल रही.
ADVERTISEMENT









