TMC ऑफिस के बाहर थे जहांगीर खान और सैकड़ों कार्यकर्ता, तभी वहां से निकला IPS अजय शर्मा का काफिला, लगे ये नारे और मचा बवाल

IPS Ajay Pal Sharma News: पश्चिम बंगाल के फलता में टीएमसी कार्यकर्ताओं ने पुलिस ऑब्जर्वर अजय पाल शर्मा का घेराव किया. 'सिंघम' आईपीएस और जहांगीर खान के बीच जारी जुबानी जंग अब सड़कों पर बवाल में तब्दील हो गई है.

जहांगीर खान के सामने निकला IPS अजय शर्मा का काफिला, खूब मचा बवाल

यूपी तक

28 Apr 2026 (अपडेटेड: 28 Apr 2026, 03:12 PM)

follow google news

IPS Ajay Pal Sharma News: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के मतदान से पहले फलता विधानसभा क्षेत्र में सियासी पारा चरम पर पहुंच गया है. उत्तर प्रदेश के चर्चित IPS और चुनाव आयोग के ऑब्जर्वर अजय पाल शर्मा और TMC उम्मीदवार जहांगीर खान के बीच चल रही जुबानी जंग अब सड़क पर उतर आई है. मंगलवार को फलता में उस वक्त भारी हंगामा हो गया जब अजय पाल शर्मा का काफिला टीएमसी कार्यालय के सामने से गुजरा.

यह भी पढ़ें...

काफिला देखते ही लगे 'मुर्दाबाद' के नारे, खूब मचा बवाल

घटना फलता में टीएमसी पार्टी ऑफिस के ठीक सामने घटी. यहां CRPF की गाड़ियों के साथ पुलिस ऑब्जर्वर अजय पाल शर्मा का काफिला निकल रहा था. तभी वहां मौजूद टीएमसी के सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया. टीएमसी समर्थकों ने काफिले को देखकर जमकर नारेबाजी की और मुर्दाबाद के नारे लगा दिए. मौके पर स्थिति काफी तनावपूर्ण हो गई.  बवाल का वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया है. आपको बता दें कि जब ये बवाल मच रहा था, तब मौके पर टीएमसी उम्मीदवार जहांगीर खान मौजूद थे. 

क्यों पनपा है ये विवाद?

इस पूरे टकराव की शुरुआत तब हुई जब IPS अजय पाल शर्मा का एक वीडियो वायरल हुआ था. वीडियो में वह जहांगीर खान के घर के बाहर खड़े होकर उनके परिजनों को सख्त चेतावनी देते दिखे थे. अजय पाल शर्मा ने कड़क लहजे में कहा था, "अगर जनता को परेशान करने या धमकाने की खबरें आईं, तो कायदे से खबर लेंगे... फिर बाद में रोना-पछताना काम नहीं आएगा." इसके अलावा, उन्होंने जहांगीर की सुरक्षा में नियमों के विरुद्ध तैनात 4 अतिरिक्त जवानों को लेकर स्थानीय एसपी को नोटिस भी थमाया था, जिससे टीएमसी खेमा बुरी तरह चिढ़ा हुआ है.

जहांगीर खान का पलटवार- 'पिक्चर अभी बाकी है'

अजय पाल शर्मा की इस 'सिंघम' स्टाइल चेतावनी पर जहांगीर खान ने भी आक्रामक रुख अपनाया. एक जनसभा में उन्होंने अजय पाल शर्मा और केंद्रीय बलों को 'बीजेपी का दलाल' तक कह डाला. जहांगीर ने फिल्मी अंदाज में कहा, "खेला उन्होंने शुरू किया है, लेकिन खत्म हम करेंगे. पिक्चर अभी बाकी है मेरे दोस्त!" उन्होंने चेतावनी दी कि अगर क्षेत्र का जनसमुद्र पैदल चल दे, तो विपक्षी हवा में उड़ जाएंगे. जहांगीर ने यहां तक कहा कि क्षेत्र की महिलाएं असुरों का वध करना और सीआरपीएफ को 'टाइट' करना अच्छी तरह जानती हैं.

कौन हैं IPS अजय पाल शर्मा?

यूपी कैडर के 2011 बैच के आईपीएस अधिकारी अजय पाल शर्मा की गिनती देश के सबसे तेज-तर्रार अफसरों में होती है. मूल रूप से डेंटिस्ट रहे अजय पाल ने नोएडा, शामली और रामपुर जैसे जिलों में 100 से अधिक एनकाउंटर किए हैं. उनकी इसी 'सिंघम' छवि के कारण चुनाव आयोग ने उन्हें बंगाल के सबसे संवेदनशील इलाकों में से एक 'दक्षिण 24 परगना' में निष्पक्ष चुनाव कराने की जिम्मेदारी सौंपी है.