IPS Ajay Pal Sharma Viral Video News: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दौरान उत्तर प्रदेश के चर्चित और तेज-तर्रार IPS अधिकारी अजय पाल शर्मा का एक ऐसा वीडियो सामने आया है, जिसकी अभी खूब चर्चा है. दरअसल, बंगाल चुनाव में ऑब्जर्वर के रूप में तैनात अजय पाल शर्मा ने टीएमसी (TMC) के उम्मीदवार जहांगीर खान को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि अगर जनता को डराया या धमकाया, तो 'अच्छे से खबर' ली जाएगी.
ADVERTISEMENT
वीडियो में अजयपाल शर्मा क्या कहते दिखे?
सामने आए वीडियो में IPS अजयपाल शर्मा कह रहे हैं, "फिर उसकी खबर फिर अच्छे चलेंगे हम. ये जहांगीर के घर वाले भी खड़े हैं, उसको बता देना कायदे से. ये बार बार जो खबरें आ रही है की उसके लोग धमका रहे हैं तो फिर अच्छे से खबर लेंगे. फिर बाद में रोना पछताना मत."
क्या है मामला?
दरअसल, फलता विधानसभा क्षेत्र से TMC उम्मीदवार जहांगीर खान पर स्थानीय लोगों को डराने-धमकाने के गंभीर आरोप लग रहे थे. शिकायत मिलते ही IPS अजय पाल शर्मा अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे. हैरानी की बात यह रही कि स्थानीय पुलिस और ग्रामीणों ने जहांगीर खान का पता बताने में आनाकानी की, लेकिन टीम ने तलाशी के बाद उसका घर ढूंढ निकाला.
Y कैटेगरी की सुरक्षा और अतिरिक्त जवानों पर उठे ये सवाल
जब अजय पाल शर्मा जहांगीर खान के घर पहुंचे, तो वहां पश्चिम बंगाल पुलिस के 14 जवान सुरक्षा में तैनात मिले. स्थानीय एसपी से जानकारी मांगने पर पता चला कि जहांगीर को Y कैटेगरी की सुरक्षा के तहत केवल 10 पुलिसकर्मी मिले हैं. अजय पाल शर्मा ने मौके पर तैनात 4 अतिरिक्त पुलिसकर्मियों को लेकर सख्त रुख अपनाया और स्थानीय एसपी को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है कि नियम विरुद्ध तरीके से अतिरिक्त फोर्स क्यों तैनात की गई.
कौन हैं IPS अजय पाल शर्मा?
यूपी कैडर के 2011 बैच के IPS अधिकारी अजय पाल शर्मा की पहचान एक सख्त और दबंग पुलिस अफसर की है. पंजाब के लुधियाना के रहने वाले अजय पाल मूल रूप से एक डेंटिस्ट (BDS) थे, लेकिन बाद में उन्होंने सिविल सेवा में आकर पुलिस की वर्दी चुनी.
यूपी के शामली, नोएडा और रामपुर जैसे जिलों में तैनाती के दौरान उन्होंने 100 से अधिक एनकाउंटर (मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार) किए. योगी सरकार के पहले कार्यकाल में नोएडा SSP के रूप में उनकी कार्यशैली की काफी चर्चा रही. फिलहाल वे प्रयागराज में ज्वाइंट पुलिस कमिश्नर के पद पर तैनात हैं और 2026 बंगाल चुनाव में निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित करने के लिए ऑब्जर्वर की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं.
ADVERTISEMENT









