यूपी के 12 जिलों और 518 गांवों से गुजरने वाला गंगा एक्सप्रेसवे बनेगा प्रदेश की लाइफ लाइन, इसकी ये बातें जान हैरान रह जाएंगे

UP News: सीएम योगी आदित्यनाथ के इस ड्रीम प्रोजेक्ट गंगा एक्सप्रेसवे के शुरू होने से प्रयागराज और मेरठ के बीच की 594 किलोमीटर की दूरी सिर्फ 8 घंटे में सिमट कर रह जाएगी.

UP News

पंकज श्रीवास्तव

• 10:57 AM • 27 Apr 2026

follow google news

UP News: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 29 अप्रैल को उत्तर प्रदेश को एक नए एक्सप्रेसवे की सौगात देने जा रहे हैं. इसका नाम गंगा एक्सप्रेसवे है. 2019 कुंभ में हुई कैबिनेट बैठक में गंगा एक्सप्रेसवे के निर्माण का प्रस्ताव पारित हुआ था. इसके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 18 दिसंबर 2021 को शाहजहांपुर में गंगा एक्सप्रेसवे का शिलान्यास किया था.

यह भी पढ़ें...

सीएम योगी आदित्यनाथ के इस ड्रीम प्रोजेक्ट गंगा एक्सप्रेसवे के शुरू होने से प्रयागराज और मेरठ के बीच की 594 किलोमीटर की दूरी सिर्फ 8 घंटे में सिमट कर रह जाएगी. यह एक्सप्रेसवे मेरठ के बिजौली गांव से शुरू होकर प्रयागराज के जूड़ापुर दांदू गांव में समाप्त होगा. गंगा एक्सप्रेसवे यूपी के 12 जिलों और 518 गांवों से होकर गुजरेगा. 

धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा

माना जा रहा है कि ये गंगा एक्सप्रेसवे जिन गांवों और शहरों से गुजर रहा है, उन गांवों और शहरों की तरक्की होगी. वहीं खेल नगरी मेरठ से संगम नगरी प्रयागराज को जोड़ने से धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा. गंगा एक्सप्रेसवे से लोग कानपुर और वाराणसी की ओर भी जा सकेंगे. ‌गंगा एक्सप्रेसवे से उतरकर लोग एन-एच 330 से वाराणसी होते हुए कोलकाता तक भी जा सकते हैं. 

इस एक्सप्रेसवे के माध्यम से लोग प्रयागराज के धार्मिक स्थलों के अलावा वाराणसी में भी जा सकते हैं. वह काशी विश्वनाथ के दर्शन कर सकते हैं तो विंध्य धाम के साथ-साथ चित्र कूट के धार्मिक स्थलों तक पहुंच सकते हैं. 

जानकारों का मानना है कि गंगा एक्सप्रेसवे यूपी में बना अब तक का सबसे लंबा एक्सप्रेसवे है. ये यूपी की लाइफ लाइन बनेगा. जानकारों का कहना है कि इस एक्सप्रेसवे से आर्थिक मजबूती आएगी और प्रदेश को वन ट्रिलियन की इकोनॉमी बनाने में भी मदद मिलेगी. 

एक परिवार हरदोई से पहुंच गया प्रयागराज

वैसे तो एक्सप्रेसवे का उद्घाटन 29 अप्रैल को प्रधानमंत्री मोदी करेंगे. मगर इससे पहले ही हरदोई से गंगा एक्सप्रेसवे से होकर एक परिवार प्रयागराज पहुंचा है. एक्सप्रेसवे से होकर आए अंशु जैन और उनके ड्राइवर अजय का कहना है कि उन्होंने हरदोई से प्रयागराज तक का सफर 3 घंटे में पूरा किया है. ‌उन्होंने कहा कि सड़क की गुणवत्ता काफी अच्छी है और सड़क जब आम लोगों के लिए खुल जाएगी तो निश्चित तौर पर इससे लोगों का समय बचेगा और यूपी की कनेक्टिविटी भी बढ़ेगी.