UP Weather Update: यूपी में आज से शुरू होगी बारिश और इतने दिन तक चलेगी... मौसम विभाग ने इन जिलों में जारी किया अपडेट

UP Weather Update: उत्तर प्रदेश में 27 अप्रैल से बारिश और गरज-चमक का दौर शुरू होगा. मौसम विभाग के अनुसार मई की शुरुआत तक तापमान में 5 डिग्री तक की गिरावट आएगी और लू से निजात मिलेगी.

यूपी तक

• 06:40 AM • 27 Apr 2026

follow google news

UP Weather Update: उत्तर प्रदेश में आसमान से बरस रही आग और भीषण लू की तपिश झेल रहे लोगों के लिए मौसम विभाग ने राहत भरी 'ठंडी' खबर साझा की है. प्रदेश में एक नए पश्चिमी विक्षोभ  की दस्तक के साथ बारिश का दौर शुरू होने वाला है, जो मई की शुरुआत तक गर्मी के तेवरों को ढीला कर देगा.

यह भी पढ़ें...

27 अप्रैल से शुरू होगा बादलों का डेरा

मौसम विभाग के अनुसार, आगामी पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव उत्तर-पश्चिम भारत तक पहुंचने वाला है. इसके साथ ही बंगाल की खाड़ी से आने वाली नमी के कारण प्रदेश के मौसम में बड़ा बदलाव आएगा.

  • पश्चिमी उत्तर प्रदेश: यहां 27 अप्रैल से बारिश और थंडरस्टॉर्म का सिलसिला शुरू हो जाएगा.
  • पूर्वी उत्तर प्रदेश: 28 अप्रैल तक बारिश का दायरा बढ़कर पूर्वी हिस्सों तक पहुंच जाएगा.

राहत की सबसे बड़ी बात यह है कि वर्षा का यह दौर मई की शुरुआत तक जारी रहने की संभावना है, जिससे लंबी राहत की उम्मीद जगी है.

किन जिलों में हो सकती है बारिश?

मेरठ, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, शामली, बागपत, गाजियाबाद, नोएडा (गौतम बुद्ध नगर), बुलंदशहर, हापुड़, अलीगढ़, मथुरा, आगरा, हाथरस, एटा, फिरोजाबाद, मैनपुरी और बरेली में 27 अप्रैल से ही मौसम करवट लेगा और धूल भरी आंधी के साथ बारिश की संभावना है. इसके बाद बादलों का रुख पूर्वी उत्तर प्रदेश की ओर होगा, जिससे 28 अप्रैल तक प्रयागराज, वाराणसी, गोरखपुर, देवरिया, बलिया, मऊ, आजमगढ़, कुशीनगर, जौनपुर, बांदा, चित्रकूट, हमीरपुर, महोबा, अमेठी और सुल्तानपुर जैसे जिलों में तेज हवाओं के साथ वर्षा का दौर शुरू होगा.लखनऊ, कानपुर नगर, कानपुर देहात, हरदोई, उन्नाव, बाराबंकी, रायबरेली, शाहजहांपुर, लखीमपुर खीरी और सीतापुर शामिल हैं, में भी 27 अप्रैल की रात से मई की शुरुआत तक तापमान में गिरावट और थंडरस्टॉर्म की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं.

तापमान में 5 डिग्री तक की गिरावट

बारिश और गरज-चमक की सक्रियता के कारण प्रदेश के तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की जाएगी. तापमान में इस कमी के चलते 28 अप्रैल के बाद से लू की स्थितियों में व्यापक सुधार होगा और लोगों को चिलचिलाती धूप से बड़ी निजात मिलेगी.

फिलहाल लू का असर

बारिश से पहले प्रदेश के कुछ हिस्सों में अभी भी गर्मी का सितम जारी है. तकनीकी तौर पर लू अब बांदा, अलीगढ़, हरदोई, अमेठी और प्रयागराज तक सीमित रह गई है. हालांकि, फर्रुखाबाद, शाहजहांपुर, मुजफ्फरनगर, मेरठ और अलीगढ़ में 'उष्ण रात्रि' (गर्म रात) का दायरा बढ़ गया है, क्योंकि यहाँ न्यूनतम तापमान सामान्य से काफी ऊपर बना हुआ है. कुल मिलाकर, अगले 24 से 48 घंटों के भीतर उत्तर प्रदेश का मौसम करवट लेने वाला है, जिससे मई की शुरुआत ठंडक के साथ होने के संकेत मिल रहे हैं.