UP Weather Update: उत्तर प्रदेश में आसमान से बरस रही 'आग' के बीच मौसम विभाग ने राहत की नई तारीख जारी की है. भीषण गर्मी और लू की मार झेल रहे यूपी वालों को जहां पहले 26 अप्रैल से बारिश की उम्मीद थी, वहीं अब मौसम वैज्ञानिकों ने ताजा अपडेट में बताया है कि बादलों के बरसने का सिलसिला अब 27 अप्रैल से शुरू होगा. यह बारिश प्रदेशवासियों को झुलसाने वाली गर्मी से बड़ी निजात दिलाएगी.
ADVERTISEMENT
27 अप्रैल से बदलेगा मौसम, छिटपुट बारिश की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार, एक नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से 27 अप्रैल को पश्चिमी उत्तर प्रदेश के जिलों से छिटपुट वर्षा का दौर शुरू होगा. यह सिलसिला पश्चिम से शुरू होकर धीरे-धीरे पूर्वी उत्तर प्रदेश की ओर बढ़ेगा. बारिश और बादलों की आवाजाही के कारण तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस की बड़ी गिरावट दर्ज की जाएगी, जिससे 27 अप्रैल के बाद प्रदेश में लू की स्थितियों में सुधार होगा.
फिलहाल लू का डबल अटैक जारी
बारिश से पहले प्रदेश को अगले दो दिन भीषण गर्मी का सामना करना पड़ेगा. निचले क्षोभ मंडल में आ रही गर्म पछुआ हवाओं और महाराष्ट्र के पास बने प्रतिचक्रवात के कारण लू की तीव्रता और दायरा दोनों बढ़ गए हैं.
- इन जिलों में लू का असर: आगरा, मेरठ, शाहजहांपुर, जालौन, बरेली, मुजफ्फरनगर, अलीगढ़, वाराणसी, प्रयागराज, बांदा, बलिया, अमेठी, बाराबंकी और हरदोई में फिलहाल लू (Heat Wave) का प्रकोप जारी है.
- उष्ण रात्रि (Warm Night): प्रदेश में कहीं-कहीं रातें भी गर्म रहने की संभावना है, जिससे लोगों को रात में भी उमस और गर्मी से राहत नहीं मिलेगी.
राजधानी लखनऊ का हाल
लखनऊ में भी गर्मी से फिलहाल राहत के संकेत नहीं हैं. मौसम विभाग के मुताबिक, 26 और 27 अप्रैल के दौरान राजधानी में भी कहीं-कहीं लू की स्थितियां बन सकती हैं. यहां भी 27 अप्रैल के बाद ही मौसम में बदलाव और ठंडक आने की उम्मीद है.
ADVERTISEMENT









