गर्मी की छुट्टियों में सफर हुआ आसान... रेलवे चला रहा 900 स्पेशल ट्रेनें, स्टेशनों पर किए गए हैं ये खास इंतजाम

Railway News: भीषण गर्मी और छुट्टियों की भीड़ को देखते हुए रेलवे ने 900 से अधिक समर स्पेशल ट्रेनें शुरू की हैं. डीडीयू मंडल में यात्रियों की सुविधा के लिए विशेष 'वार रूम' और स्टेशनों पर निशुल्क पेयजल की व्यवस्था की गई है.

Summer special Train

उदय गुप्ता

24 Apr 2026 (अपडेटेड: 24 Apr 2026, 05:27 PM)

follow google news

Railway News: भारतीय रेल को देश की लाइफलाइन कहा जाता है जिसमें हर दिन लाखों लोग सफर करते हैं. गर्मी की छुट्टियों के बीच ट्रेनों में उमड़ने वाली भारी भीड़ और 44 डिग्री के पार जा चुके पारे को देखते हुए पूर्व मध्य रेल के पंडित दीनदयाल उपाध्याय (डीडीयू) रेल मंडल ने यात्रियों के लिए विशेष सुरक्षा और सुविधा चक्र तैयार किया है. रेलवे ने न केवल 900 से अधिक समर स्पेशल ट्रेनों का परिचालन सुनिश्चित किया है बल्कि स्टेशनों पर प्याऊ और 'वार रूम' के जरिए यात्रियों की हर पल निगरानी कर उन्हें राहत पहुंचाई जा रही है.

यह भी पढ़ें...

वार रूम से 24/7 निगरानी

गर्मी के सीजन में स्टेशनों पर होने वाली भीड़ को नियंत्रित करने के लिए मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय में एक विशेष 'वार रूम' की स्थापना की गई है. यहां से डीडीयू जंक्शन के अलावा गया,डेहरी-ऑन-सोन और सासाराम जैसे प्रमुख स्टेशनों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की 24/7 मॉनिटरिंग की जा रही है. रेलवे अधिकारियों का कहना है कि यह वार रूम भीड़ प्रबंधन में बेहद कारगर साबित हो रहा है जिससे जरूरत के अनुसार तुरंत कदम उठाए जा रहे हैं.

पानी के लिए स्काउट-गाइड और एनजीओ की तैनाती

भीषण गर्मी में यात्रियों को पेयजल की किल्लत न हो इसके लिए स्टेशनों पर अतिरिक्त प्याऊ बनाए गए हैं. स्काउट-गाइड के छात्र प्लेटफार्मों पर यात्रियों को पानी पिलाते नजर आ रहे हैं. वहीं जो यात्री भीड़ के कारण ट्रेन से उतर नहीं सकते उन्हें बोगियों के भीतर जाकर निशुल्क पानी की बोतलें वितरित की जा रही हैं. इसके अलावा स्टेशनों पर ओआरएस (ORS) और आवश्यक दवाओं की उपलब्धता भी सुनिश्चित की गई है.

अधिकारियों और यात्रियों की राय

दीनदयाल उपाध्याय रेल मंडल के डीआरएम, उदय सिंह मीना ने बताया कि इस मंडल से करीब 70 समर स्पेशल ट्रेनें गुजर रही हैं. उन्होंने कहा 'हमारा स्वास्थ्य विभाग और स्काउट-गाइड की टीमें 24 घंटे तैनात हैं. हमने स्टेशनों पर पानी की व्यवस्था और स्टाफ के लिए भी नींबू-पानी की सुविधा सुनिश्चित की है ताकि परिचालन में कोई बाधा न आए.'

रेल यात्रियों ने भी इस व्यवस्था की सराहना की. दिल्ली से बक्सर जा रहे पशुपति सिंह और पूर्णिया जा रहे यात्री समीर अंसारी ने बताया कि ट्रेनों में अत्यधिक भीड़ होने के बावजूद स्टेशन पर मिली पानी की सुविधा उनके लिए बड़ी राहत है.