उत्तर प्रदेश में गर्मी ने अपना प्रचंड रूप दिखाना शुरू कर दिया है. मौसम विभाग (IMD) ने 23 अप्रैल को राज्य के कई हिस्सों में भीषण लू (Heat Wave) चलने का 'येलो अलर्ट' जारी किया है. पछुआ हवाओं के चलते तापमान में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है, जिससे जनजीवन प्रभावित होने की संभावना है.
ADVERTISEMENT
यूपी के इन जिलों में चलेगी लू
बांदा, चित्रकूट, कौशाम्बी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, वाराणसी, संत रविदास नगर, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, हरदोई, फर्रुखाबाद, कन्नौज, रायबरेली, अमेठी, सल्तानपुर, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपरी में कहीं कहीं लू चलने की संभावना है.
दोपहर में घर से बाहर निकलने से बचें
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि इन जिलों में पारा सामान्य से 4-5 डिग्री सेल्सियस तक ऊपर जा सकता है. गर्म और शुष्क हवाएं शरीर को नुकसान पहुँचा सकती हैं, इसलिए दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे के बीच बेवजह बाहर न निकलने की सलाह दी गई है.
सावधानी और बचाव के उपाय
प्यास न लगने पर भी समय-समय पर पानी पीते रहें. बाहर निकलते समय सूती और ढीले कपड़े पहनें. धूप से बचने के लिए छाता, टोपी या तौलिए का इस्तेमाल करें. ओआरएस (ORS), लस्सी, छाछ और नींबू पानी का सेवन करें ताकि शरीर में इलेक्ट्रोलाइट्स की कमी न हो.
बारिश को लेकर मौसम विभाग ने क्या बताया है?
गर्मी से बेहाल लोगों के लिए राहत भरी खबर यह है कि 26 अप्रैल से एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ दस्तक दे रहा है. 26 अप्रैल से प्रदेश के आसमान में बादलों का आना-जाना शुरू होगा. इसके प्रभाव से 27 अप्रैल के आसपास तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस की कमी आएगी, जिससे लू की स्थितियों में सुधार होगा. हालांकि, पारा फिर भी सामान्य से थोड़ा ऊपर ही बना रहेगा.
ADVERTISEMENT









