उन्नाव रेप पीड़िता को झटका, दिल्ली हाई कोर्ट ने सजायाफ्ता भाजपा पूर्व MLA कुलदीप सिंह सेंगर को लेकर दिया ये फैसला

Unnao Rape Case Updates: यूपी Tak के शो 'आज का यूपी' में देखें स्मार्ट मीटर विवाद पर सरकार का यू-टर्न, अखिलेश यादव का बड़ा चुनावी वादा और कुलदीप सेंगर केस में दिल्ली हाई कोर्ट का फैसला.

कुमार अभिषेक

22 Apr 2026 (अपडेटेड: 22 Apr 2026, 10:53 AM)

follow google news

UP News: यूपी Tak का खास शो 'आज का यूपी' राज्य की उन अहम खबरों का विश्लेषण लेकर आता है जो सीधे आम जनता और सियासत से जुड़ी होती हैं. आज के अंक में हम तीन बड़ी खबरों पर चर्चा करेंगे. पहली खबर उत्तर प्रदेश में स्मार्ट मीटर को लेकर मचे उस कोहराम की है जिसने सरकार को बैकफुट पर ला दिया है. दूसरी बड़ी खबर सपा प्रमुख अखिलेश यादव द्वारा 2027 के लिए किए गए '300 यूनिट फ्री बिजली' के दांव की है और तीसरी खबर उन्नाव रेप पीड़िता को दिल्ली हाई कोर्ट से लगे उस झटके की है जहां कोर्ट ने कुलदीप सिंह सेंगर की सजा बढ़ाने वाली याचिका को खारिज कर दिया है.

यह भी पढ़ें...

स्मार्ट मीटर का कोहराम, क्यों सड़कों पर उतरे उपभोक्ता?

उत्तर प्रदेश में प्रीपेड स्मार्ट मीटर लगाने की योजना इस वक्त सरकार के लिए बड़ी सिरदर्द बन गई है. पहले चरण में 78 लाख मीटर लगाने का लक्ष्य था, लेकिन जमीन पर स्थिति इसके उलट दिखी. नोएडा, एनसीआर और बुंदेलखंड जैसे क्षेत्रों में उपभोक्ताओं को बिना सूचना दिए ही उनके मीटरों को प्रीपेड में बदल दिया गया. लोगों को तब पता चला जब उनके घरों की लाइट अचानक कट गई. उपभोक्ताओं का आरोप है कि जहां पहले बिल ₹1000-1500 आता था, स्मार्ट मीटर लगने के बाद वह सीधे दोगुना-तिगुना हो गया. विभाग द्वारा जारी ऐप में इतने ग्लिचेस (खामियां) हैं कि पैसे होने के बावजूद बिजली कट जाती थी. इसके विरोध में कानपुर, अलीगढ़ और जालौन जैसे जिलों में गुस्साए लोगों ने मीटर उखाड़कर सड़कों पर फेंक दिए.

बैकफुट पर सरकार 

भारी विरोध के बाद अब मुख्यमंत्री के दखल पर चार सदस्यीय जांच कमेटी बनाई गई है. फिलहाल नए मीटर लगाने पर रोक लगा दी गई है और नियम बनाया गया है कि बैलेंस जीरो होने पर भी तुरंत बिजली नहीं काटी जाएगी.

अखिलेश यादव का चुनावी दांव- 300 यूनिट फ्री बिजली का वादा

स्मार्ट मीटर को लेकर जनता में फैली नाराजगी को देखते हुए समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने वक्त से पहले ही अपना चुनावी पिटारा खोल दिया है. अखिलेश यादव ने दावा किया है कि अगर 2027 में सपा की सरकार आती है, तो प्रदेश के उपभोक्ताओं को 300 यूनिट तक मुफ्त बिजली दी जाएगी. बुंदेलखंड और कानपुर से आए कार्यकर्ताओं की शिकायतों के बाद अखिलेश ने यह दांव चला है. माना जा रहा है कि यह वादा उन्होंने अपने भविष्य के घोषणापत्र के लिए बचाकर रखा था, लेकिन स्मार्ट मीटर विवाद ने उन्हें इसे समय से पहले सार्वजनिक करने का मौका दे दिया.

उन्नाव रेप पीड़िता को झटका, कुलदीप सेंगर की सजा नहीं बढ़ेगी

दिल्ली हाई कोर्ट से उन्नाव रेप पीड़िता को कानूनी मोर्चे पर निराशा हाथ लगी है. पीड़िता ने अपील की थी कि उसके पिता की पुलिस हिरासत में हुई मौत के मामले में कुलदीप सिंह सेंगर की सजा बढ़ाई जाए. हाई कोर्ट ने इस याचिका को पूरी तरीके से नामंजूर कर दिया. कोर्ट ने कहा कि सजा सुनाए जाने के 1945 दिनों बाद यह अपील दायर की गई है, जो तर्कसंगत नहीं है. इस फैसले के बाद सेंगर की सजा की अवधि पहले जैसी ही बनी रहेगी.

यहां देखें पूरा वीडियो