UP Weather Update: यूपी में 26 से हो सकती है बारिश... मौसम विभाग ने बताया इन जिलों में बरसेंगे मेघ

UP Weather Update: उत्तर प्रदेश में 25 अप्रैल तक भीषण गर्मी और लू का कहर जारी रहेगा। 26 अप्रैल से पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से नोएडा, मेरठ और सहारनपुर समेत कई जिलों में हल्की बारिश की संभावना है.

UP Weather Update

यूपी तक

23 Apr 2026 (अपडेटेड: 23 Apr 2026, 10:24 AM)

follow google news

UP Weather Update: उत्तर प्रदेश में जारी भीषण गर्मी और लू के सितम के बीच मौसम विभाग ने एक राहत भरा अपडेट साझा किया है. जहां अगले कुछ दिन 'आसमान से बरसती आग' लोगों की मुश्किलें बढ़ाएगी, वहीं महीने के अंत में मौसम का मिजाज बदलने की भी संभावना है.

यह भी पढ़ें...

25 अप्रैल तक हीटवेव का टॉर्चर, 3 डिग्री तक बढ़ेगा पारा

मौसम विभाग के ताजा बुलेटिन के मुताबिक, 25 अप्रैल तक यूपी में लू का प्रकोप जारी रहेगा. वर्तमान में हरदोई और उसके आसपास के क्षेत्रों में लू की स्थिति बनी हुई है, लेकिन आने वाले दिनों में इसका दायरा और बढ़ सकता है. महाराष्ट्र के पास बने एंटी-साइक्लोन (प्रतिचक्रवात) और शुष्क हवाओं के असर से अगले 3-4 दिनों में तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की और बढ़ोतरी हो सकती है, जिससे दोपहर की गर्मी और ज्यादा जानलेवा हो जाएगी.

26 अप्रैल से सक्रिय होगा पश्चिमी विक्षोभ, मिलेगी हल्की राहत

गर्मी से बेहाल लोगों के लिए राहत भरी खबर यह है कि 26 अप्रैल से एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ दस्तक दे रहा है. 26 अप्रैल से प्रदेश के आसमान में बादलों का आना-जाना शुरू होगा. इसके प्रभाव से 27 अप्रैल के आसपास तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस की कमी आएगी, जिससे लू की स्थितियों में सुधार होगा. हालांकि, पारा फिर भी सामान्य से थोड़ा ऊपर ही बना रहेगा.

इन जिलों में बारिश और आंधी की संभावना

मौसम विभाग के इनपुट्स और वर्तमान वायुमंडलीय स्थितियों के आधार पर 27 अप्रैल को उत्तर प्रदेश के इन हिस्सों में हल्की बारिश या बूंदाबांदी की संभावना है:

सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, गाजियाबाद, गौतम बुद्ध नगर (नोएडा), बुलंदशहर, बिजनौर, मुरादाबाद और रामपुर के इलाकों में धूलभरी आंधी और गरज के साथ हल्की बारिश की उम्मीद है.