उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी और लू का कहर झेल रहे लोगों के लिए मौसम विभाग ने एक राहतभरा पूर्वानुमान जारी किया है. अगले कुछ दिन लोगों के लिए भारी पड़ने वाले हैं, क्योंकि आसमान से बरसती आग और गर्म हवाओं का सितम अभी और बढ़ने वाला है. हालांकि, महीने के अंत में राहत की एक हल्की उम्मीद भी दिखाई दे रही है.
ADVERTISEMENT
25 अप्रैल तक हीटवेव का टॉर्चर, पारा 2-3°C और चढ़ेगा
मौसम विभाग के ताजा बुलेटिन के अनुसार, उत्तर प्रदेश में 25 अप्रैल तक लू का प्रकोप बना रहेगा. वर्तमान में हरदोई और उसके आसपास के इलाकों में लू की स्थिति बनी हुई है, लेकिन आने वाले दिनों में यह दायरा बढ़ सकता है. वायुमंडल के निचले हिस्से में आने वाली गर्म हवाएं और महाराष्ट्र के पास बने एंटी-साइक्लोन (प्रतिचक्रवात) के असर से मौसम पूरी तरह शुष्क रहेगा. वहीं, अगले 3-4 दिनों में अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की और बढ़ोतरी होने की संभावना है, जिससे दोपहर का सफर और मुश्किल हो जाएगा.
26 अप्रैल से बदलेगा मिजाज, कब और कहां मिलेगी राहत?
गर्मी से बेहाल लोगों के लिए राहत भरी खबर यह है कि 26 अप्रैल से एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ दस्तक दे रहा है. 26 अप्रैल से प्रदेश के आसमान में बादलों का आना-जाना शुरू होगा. इसके प्रभाव से 27 अप्रैल के आसपास तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस की कमी आएगी, जिससे लू की स्थितियों में सुधार होगा. हालांकि, पारा फिर भी सामान्य से थोड़ा ऊपर ही बना रहेगा.
कहां-कहां हो सकती है बारिश?
मौसम विभाग के इनपुट्स और वर्तमान वायुमंडलीय स्थितियों के आधार पर 27 अप्रैल को उत्तर प्रदेश के इन हिस्सों में हल्की बारिश या बूंदाबांदी की संभावना है:
सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, गाजियाबाद, गौतम बुद्ध नगर (नोएडा), बुलंदशहर, बिजनौर, मुरादाबाद और रामपुर के इलाकों में धूलभरी आंधी और गरज के साथ हल्की बारिश की उम्मीद है.
ADVERTISEMENT









