Bhupendra Singh Firing Case Gonda: उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले के परसपुर थाना इलाके में देर रात कुछ अज्ञात लोगों ने जिला पंचायत प्रतिनिधि भूपेंद्र सिंह को गोली मार दी. इस हमले में भूपेंद्र सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना के बाद उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया, लेकिन इसके बाद बेहतर इलाज के लिए लखनऊ रेफर कर दिया गया. भूपेंद्र पर हुए इस हमले के पीछे आपसी रंजिश बताई जा रही है. घटना के बाद से इलाके में हड़कंप मचा हुआ है. आपको बता दें कि भूपेंद्र सिंह को पूर्व सांसद बृज भूषण सिंह के करीबी बताया जाता है. फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच के लिए कई टीमों का गठन कर दिया है.
ADVERTISEMENT
कैसे किया गया हमला?
यह घटना बीती देर रात परसपुर थाना इलाके की है. यहां जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि और पूर्व सांसद बृज भूषण सिंह के करीबी भूपेंद्र सिंह अपनी गाड़ी से एक परिचित के घर निमंत्रण में जा रहे थे. इस बीच देहरास गांव के पास अज्ञात लोगों ने उन्हें गोली मार दी. इस हमले में वे गंभीर रूप से घायल हो गए. एएसपी के मुताबिक गोली कमर के ऊपर पेट के करीब लगी. घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया. आनन-फानन में घायल भूपेंद्र सिंह को जिला अस्पताल लाया गया. यहां से बेहतर इलाज के लिए उन्हें लखनऊ रेफर कर दिया गया है.
हमले के पीछे सामने आई ये वहज
जानकारी के अनुसार फिलहाल उनकी हालत स्थिर बनी हुई है. घटना की सूचना मिलते ही एसपी विनीत जायसवाल भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और परिजनों समेत अन्य लोगों से पूछताछ की. आपको बता दें कि भूपेंद्र सिंह की पत्नी अनामिका सिंह परसपुर पंचम से जिला पंचायत सदस्य हैं. बताया जा रहा है कि भूपेंद्र सिंह प्रधानी लड़ना चाहते थे, जिसको लेकर कुछ लोगों से उनका मनमुटाव चल रहा था.
पुलिस ने क्या बताया?
अपर पुलिस अधीक्षक अजीत कुमार रजक ने बताया कि 20 अप्रैल को रात करीब 10 बजे थाना परसपुर को सूचना मिली थी. इसमें बताया गया कि देहरास रोड पर भूपेंद्र सिंह नामक व्यक्ति को अज्ञात बदमाशों ने गोली मारकर घायल कर दिया है. इसके बाद इलाज के लिए उन्हें जिला अस्पताल भिजवाया गया. पुलिस ने बताया कि घटना स्थल का मुआयना किया गया है और मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है. इसके लिए एसओजी, सर्विलांस समेत कुल 4 टीमों का गठन किया गया है. जांच में जो भी सामने आएगा, उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
ADVERTISEMENT









