कानपुर से कबरई के बीच ग्रीनफील्ड हाईवे के लिए जमीन अधिग्रहण शुरू, 117 km का सफर डेढ़ घंटे में होगा पूरा

यूपी तक

• 03:11 PM • 04 Jul 2026

​​​​​​​Kanpur Kabrai Highway: केंद्र सरकार ने NH-34 पर 117.7 किलोमीटर लंबे कानपुर-कबरई ग्रीनफील्ड कॉरिडोर को विकसित करने की मंजूरी दे दी है. यह कॉरिडोर करीब 7,145 करोड़ रुपये की लागत से बनाया जा रहा है.

UP Tak

AI Generated

Google CTA

Kanpur Kabrai Highway: केंद्र सरकार ने NH-34 पर 117.7 किलोमीटर लंबे कानपुर-कबरई ग्रीनफील्ड कॉरिडोर को विकसित करने की मंजूरी दे दी है. यह कॉरिडोर करीब 7,145 करोड़ रुपये की लागत से चार लेन का बनाया जा रहा है. जिसका भविष्य में छह लेन तक विस्तार करने का प्रवधान है. यह हाईवे भोपाल-कानपुर इकोनॉमिक कॉरिडोर का भी एक अहम हिस्सा होगा. इससे उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के आर्थिक विकास को भी नई रफ्तार मिलेगी.

यह भी पढ़ें...

सफर का समय होगा आधा

इस नए हाईवे के बनने से कानपुर से कबरई के बीच की दूरी कम हो जाएगी. अभी इस सफर में साढ़े तीन घंटे लगते हैं, जो आगे चलकर हाईवे बनने के बाद महज डेढ़ घंटे का रह जाएगा. इसके साथ ही गाड़ियों की औसत रफ्तार जो फिलहाल 30-50 किलोमीटर प्रति घंटा है. यह रफ्तार बढ़कर 80-100 किलोमीटर प्रति घंटा तक हो जाएगी. इससे लोगों का समय बचेगा और ईंधन का खर्च भी कम होगा.

उद्योगों और व्यापार को बढ़ावा

यह कॉरिडोर कबरई की माइनिंग बेल्ट के लिए बहुत फायदेमंद साबित होगा. इसके साथ ही खनिज, निर्माण सामग्री और कृषि उत्पादों का आवागमन भी तेज हो जाएगा. साथ ही यह कारिडोर क्षेत्र के औद्योगिक और आर्थिक विकास को नई गति देगा. इसके माध्यम से 16 पीएम गतिशक्ति इकोनामिक नोड्स, 9 सोशल नोड्स और 10 लाजिस्टिक्स नोड्स, जिनमें 7 रेलवे स्टेशन और 3 एयरपोर्ट शामिल हैं, जिससे कनेक्टिविटी मजबूत होगी.

रोजगार के खुलेंगे नए अवसर

इस बड़ी परियोजना के निर्माण कार्य के दौरान औसतन 1.2 करोड़ से अधिक मानव-दिवस रोजगार पैदा होने की उम्मीद है. इस परियोजना के विकसित होने से बुंदेलखंड और कानपुर क्षेत्र में नए निवेश आएंगे. जिसके चलते स्थानीय लोगों को रोजगार मिलेगा और पूरे इलाके में लोगों की आर्थिक स्थिति भी मजबूत होगी.

हाईवे निर्माण की खासियत

यह पूरा प्रोजेक्ट 'बिल्ड-ऑपरेट-ट्रांसफर' (BOT) मॉडल के आधार पर बनाया जा रहा है. इसके तहत 117.70 किलोमीटर का बड़ा हाईवे बनाया जाएगा. इस कॉरिडोर पर सुरक्षा और लोगों की सुविधा के लिए 16 बड़े पुल, एक रेलवे ओवरब्रिज और सड़क के दोनों तरफ 12 किलोमीटर लंबी सर्विस रोड भी बनाई जाएगी. इस हाईवे के बनने से कानपुर, घाटमपुर, हमीरपुर और महोबा में लगने वाले लंबे जाम से भी राहत मिलेगी.

जमीन अधिग्रहण का काम शुरू

केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट करके इस प्रोजेक्ट के पास होने की जानकारी दी है. एनएचएआई के प्रोजेक्ट डायरेक्टर पंकज यादव ने बताया कि शासन से मंजूरी मिलने के बाद अब कानपुर-कबरई ग्रीनफील्ड हाईवे के निर्माण के लिए जमीन लेने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है.