Lucknow-Kanpur Expressway: भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण ने बहुप्रतीक्षित लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे (NE-6) पर टोल टैक्स वसूलने की पूरी तैयारी कर ली है. आगामी 13 जुलाई को इस एक्सप्रेसवे का लोकार्पण होने जा रहा है, जिसके ठीक अगले दिन यानी 14 जुलाई से वाहनों से टोल कटना शुरू हो जाएगा.
ADVERTISEMENT
63 किलोमीटर लंबा यह एक्सप्रेसवे करीब 4,700 करोड़ रुपये की भारी-भरकम लागत से बनकर तैयार हुआ है. एनएचएआई का दावा है कि इस 6-लेन के रास्ते से दोनों शहरों के बीच का सफर न सिर्फ बेहद कम समय में पूरा होगा, बल्कि आरामदायक भी रहेगा.
हालांकि, रफ्तार के इस नए सफर के लिए वाहन चालकों को अपनी जेब अच्छी-खासी ढीली करनी पड़ेगी, खासकर उन लोगों को जो बिना किसी खास तैयारी के इस रोड पर उतरेंगे.
फास्टैग न होने पर लगेगा बड़ा झटका
NHAI अधिकारियों के मुताबिक, अगर आपकी कार में 'वार्षिक पास वाला फास्टैग' एक्टिव नहीं है, तो सिंगल ट्रिप के लिए आपको 275 रुपये चुकाने होंगे. वहीं, अगर आप 24 घंटे के भीतर लौटते हैं, तो वापसी का कुल चार्ज 415 रुपये लगेगा.
सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय की एक बेहतरीन स्कीम का फायदा उठाकर आप भारी बचत कर सकते हैं. मंत्रालय 3,075 रुपये में एक वार्षिक पास की सुविधा देता है, जिससे आप सालभर में 200 ट्रिप यात्रा कर सकते हैं. इस हिसाब से प्रति ट्रिप का खर्च महज 15 रुपये के आसपास आता है. सबसे अच्छी बात यह है कि देश भर के 1150 से अधिक टोल प्लाजा पर इस स्कीम का लाभ उठाया जा सकता है.
इन जगहों पर लगेंगे टोल प्लाजा
लखनऊ से कानपुर के बीच के इस सफर में आपको मुख्य रूप से ये टोल प्लाजा मिलेंगे
- शिवपुरा (खांडेदेव)
- बनी
- अमरसास
- आजाद चौक
अधिकारियों ने बताया कि अगर कोई यात्री एक्सप्रेसवे के बीच से चढ़ता या उतरता है तो उसे दूरी के हिसाब से कम टोल देना होगा. ये सभी टोल प्लाजा आधुनिक स्कैनर से लैस हैं, ताकि गाड़ी रुकने की नौबत न आए और चलते-चलते ही टोल कट जाए. शुरुआती 2-3 महीने NHAI खुद इसका संचालन और ट्रायल करेगा.
ADVERTISEMENT











