UP Train News: उत्तर मध्य रेलवे ने लखनऊ स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या 4 पर चल रहे ओवरहेड इक्विपमेंट कार्य के कारण कई ट्रेनों के शेड्यूल में बड़ा बदलाव किया है. इसके तहत दर्जनों ट्रेनों को आंशिक रूप से निरस्त किया गया है, कइयों के रूट बदले गए हैं और कुछ के टर्मिनल स्टेशनों में भी बदलाव किया गया है.
ADVERTISEMENT
बदलाव जून महीने से शुरू हो चुका है और सितंबर 2026 तक अलग-अलग तारीखों पर प्रभावी रहेगा. मुख्य जनसम्पर्क अधिकारी शशि कान्त त्रिपाठी की ओर से जारी इस सूचना में झांसी, कानपुर, लखनऊ, और वाराणसी रूट पर चलने वाली पैसेंजर और एक्सप्रेस ट्रेनें शामिल हैं.
अगर आपने भी इनमें से किसी ट्रेन में टिकट बुक कराया है, तो स्टेशन निकलने से पहले अपनी ट्रेन का नया स्टेटस जरूर चेक कर लें, नहीं तो भारी परेशानी उठानी पड़ सकती है.
ये ट्रेनें रहेंगी आंशिक रूप से निरस्त
- ट्रेन नंबर 64701/64702 (झांसी-लखनऊ-झांसी): यह ट्रेन 13 सितंबर 2026 तक लखनऊ के बजाय सिर्फ कानपुर सेंट्रल तक ही जाएगी और वहीं से वापस लौटेगी.
- ट्रेन नंबर 22683/22684 (यशवंतपुर-लखनऊ-यशवंतपुर): यह एक्सप्रेस ट्रेन लखनऊ स्टेशन न जाकर उतरहटिया स्टेशन तक ही जाएगी और वहीं से वापस यशवंतपुर के लिए प्रस्थान करेगी.
- ट्रेन नंबर 64212/64255 (कानपुर सेंट्रल-लखनऊ): यह ट्रेन भी 13 सितंबर तक सिर्फ मानक नगर स्टेशन तक जाएगी और वहीं से वापस चलेगी.
बदला गया इन ट्रेनों का टर्मिनल स्टेशन
लखनऊ जाने वाली कुछ मुख्य ट्रेनों को अब लखनऊ (LKO) स्टेशन के बजाय लखनऊ जंक्शन (LJN/NER) पर टर्मिनेट या वहां से ओरिजिनेट किया जाएगा-
- ट्रेन नंबर 64214/64203 (कानपुर सेंट्रल-लखनऊ)
- ट्रेन नंबर 22121/22122 (लोकमान्य तिलक-लखनऊ एक्सप्रेस)
आज से इन ट्रेनों के रूट में हुआ बदलाव
लखनऊ स्टेशन पर काम के चलते कई ट्रेनों को ऐशबाग और बादशाह नगर के रास्ते डाइवर्ट किया गया है, जिससे ये ट्रेनें लखनऊ मुख्य स्टेशन पर नहीं रुकेंगी-
- वाराणसी सिटी-अहमदाबाद एक्सप्रेस (19168): आज 3 जुलाई को यह ट्रेन लखनऊ स्टेशन नहीं जाएगी. इसे मानक नगर-ऐशबाग-मलहौर के रास्ते चलाया जा रहा है, इसका ठहराव ऐशबाग और बादशाह नगर में होगा.
- ओखा-गुवाहाटी एक्सप्रेस (15635): आज 3 जुलाई को यह ट्रेन भी बदले हुए मार्ग कानपुर सेंट्रल-ऐशबाग-मलहौर-बाराबंकी होकर चलेगी.
- ग्वालियर-बरौनी एक्सप्रेस (11123/11124): यह ट्रेन 10 जुलाई 2026 तक लखनऊ स्टेशन के बजाय ऐशबाग और बादशाह नगर होकर गुजरेगी.
रेलवे का इंफ्रास्ट्रक्चर सुधारना जरूरी है, लेकिन त्योहारों और गर्मियों के बाद के इस सीजन में अचानक इतने लंबे समय का ब्लॉक यात्रियों के लिए किसी सिरदर्द से कम नहीं है. ऐशबाग या उतरहटिया जैसे स्टेशनों पर उतरने के बाद यात्रियों को मुख्य शहर तक जाने में अतिरिक्त पैसे और समय दोनों खर्च करने पड़ेंगे. बेहतर होगा कि आप अपनी यात्रा शुरू करने से पहले रेलवे के हेल्पलाइन नंबर 139 या NTES ऐप पर अपनी ट्रेन की लाइव लोकेशन जरूर देख लें.
ADVERTISEMENT











