अपनी ही सरकार से तीखे सवाल पूछने वाले भाजपा MLA बृजभूषण राजपूत की कार में ट्रक ने मारी टक्कर! गुस्से में आए विधायक ने कह डाली ये बात

MLA Brijbhushan Rajput Accident: महोबा में बीजेपी विधायक बृजभूषण राजपूत उर्फ गुड्डू भैया के काफिले को तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी. हादसे में गनर, ड्राइवर और गार्ड घायल हुए. विधायक ने इसे संदिग्ध बताते हुए साजिश की आशंका जताई, पुलिस जांच में जुटी है.

MLA Brijbhushan Rajput Accidnet

MLA Brijbhushan Rajput Accidnet

नाहिद अंसारी

• 12:11 PM • 02 Jul 2026

follow google news

MLA Brijbhushan Rajput Accident: उत्तर प्रदेश के महोबा जिले से एक बड़ी और सनसनीखेज खबर सामने आई है. भारतीय जनता पार्टी के कद्दावर और चरखारी विधानसभा से लगातार दूसरी बार के विधायक बृजभूषण राजपूत उर्फ गुड्डू भैया एक भीषण सड़क हादसे में बाल-बाल बच गए हैं. एक तेज रफ्तार बेकाबू ट्रक ने विधायक के काफिले की स्कॉर्पियो कार को इतनी जोरदार टक्कर मारी कि गाड़ी के परखच्चे उड़ गए. इस हादसे में विधायक के सरकारी गनर, प्राइवेट गार्ड और ड्राइवर गंभीर रूप से घायल हो गए हैं. वहीं टक्कर के बाद विधायक ने इस हादसे के पीछे गहरी साजिश की आशंका जताई है. घटना के बाद पुलिस ने आरोपी ट्रक ड्राइवर को हिरासत में ले लिया है.

यह भी पढ़ें...

ड्राइवर की सूझबूझ से बची विधायक की जान

यह भीषण हादसा महोबा के खरेला थाना क्षेत्र के अंतर्गत संकट मोचन मंदिर के पास हुआ. जानकारी के मुताबिक, केला लदे एक तेज रफ्तार और बेकाबू ट्रक ने विधायक के स्कॉर्पियो को इतनी भयानक टक्कर मारी कि गाड़ी का एक हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया.

टक्कर से ठीक पहले विधायक बृजभूषण राजपूत जिस गाड़ी में सवार थे उसके ड्राइवर ने सूझबूझ दिखाई. ड्राइवर ने खतरे को भांपते हुए विधायक की कार को सड़क से नीचे खंदी की तरफ उतारकर पहले ही रोक दिया था. अगर ड्राइवर तत्परता न दिखाता तो विधायक की गाड़ी भी इस भीषण हादसे का शिकार हो जाती और बड़ा नुकसान हो सकता था.

विधायक ने जताई साजिश की आशंका

हादसे के तुरंत बाद का एक वीडियो भी सामने आया है जिसमें गाड़ी की हालत देखकर हर कोई हैरान है. हादसे के बाद जब मौके पर मौजूद लोगों ने ट्रक ड्राइवर को नींद आने की बात कही तो विधायक गुड्डू भैया बेहद गुस्से में नजर आए और उन्होंने इसे सामान्य हादसा मानने से इनकार कर दिया. विधायक वीडियो में कहते सुनाई दे रहे हैं 'कोई नींद-वींद नहीं आई, यह बदमाशी कर रहा है. गाड़ी पूरी बेकार हो गई है, बहुत तेज टक्कर मारी है. अगर ड्राइवर नहीं बचाता तो गाड़ी खाई में गिर जाती. पहले यह आगे वाली गाड़ी में टक्कर मारने की कोशिश कर रहा था, जब वह बची तो इसने पीछे वाली गाड़ी को उड़ा दिया. अब पकड़े जाने पर बोलेगा ही कि नींद आ गई थी.'

जांच में जुटी पुलिस

टक्कर मारने के बाद आरोपी ट्रक ड्राइवर ने मौके से भागने की कोशिश की. लेकिन हादसे की गूंज सुनकर इकट्ठा हुए स्थानीय लोगों और ग्रामीणों ने मुस्तैदी दिखाते हुए उसे चारों तरफ से घेरकर दबोच लिया. घटना की सूचना मिलते ही खरेला थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची, घटनास्थल का जायजा लिया और आरोपी ट्रक ड्राइवर को अपनी हिरासत में ले लिया. फिलहाल पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि यह महज एक सड़क हादसा था या इसके पीछे कोई और कहानी है.

कौन हैं विधायक बृजभूषण राजपूत 'गुड्डू भैया'?

बृजभूषण सिंह राजपूत महोबा जिले की चरखारी विधानसभा सीट से लगातार दूसरी बार (साल 2017 और 2022) बीजेपी के विधायक हैं. जनता के बीच वह गुड्डू भैया के नाम से बेहद लोकप्रिय हैं और पूर्व सांसद गंगा चरण राजपूत के बेटे हैं. गुड्डू भैया अक्सर अपने रौबदार और बेबाक अंदाज के लिए सुर्खियों में रहते हैं. अभी कुछ समय पहले ही उन्होंने इलाके में पानी की किल्लत को लेकर अपनी ही सरकार के जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह के सामने सीधे सवाल दाग दिए थे. उनका यह बयान कि 'जनता ने हमें चुना है और सवाल करना हमारा धर्म है', सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुआ था.