RSS On Ram Mandir Statement: अयोध्या के श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में दान पात्रों से कथित चोरी के मामले पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) की पहली आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने आई है. संघ के सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले ने एक बयान जारी कर इस घटना को बेहद दुर्भाग्यपूर्ण बताया और कहा कि इससे करोड़ों रामभक्तों की आस्था और भावनाओं को गहरा आघात पहुंचा है. उन्होंने स्पष्ट कहा कि जांच में जो भी दोषी पाया जाए, उसे कठोर दंड मिलना चाहिए. साथ ही मंदिर प्रबंधन और उत्तर प्रदेश सरकार से पारदर्शी व्यवस्था सुनिश्चित करने की अपेक्षा भी जताई गई है.
ADVERTISEMENT
सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले ने क्या कहा?
सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले ने अपने बयान में कहा कि 'श्री राम जन्मभूमि पर निर्मित भव्य मंदिर पीढ़ियों के संघर्ष और करोड़ों रामभक्तों के समर्पण, त्याग एवं बलिदान के कारण संपूर्ण हिन्दू समाज के लिए श्रद्धा, आस्था और भक्ति का केन्द्र बना है.' उन्होंने आगे कहा कि 'अयोध्या में श्री रामलला मंदिर में रखे हुए दान पात्रों में जमा राशि की चोरी की दुर्भाग्यपूर्ण घटना से समूचे समाज और रामभक्तों की भावना एवं श्रद्धा को आघात पहुँचा है तथा इस घटना से हम सभी आहत हैं.' RSS ने इस घटना को गंभीर बताते हुए निष्पक्ष कार्रवाई की आवश्यकता पर जोर दिया.
SIT जांच और कानूनी कार्रवाई पर जताया भरोसा
RSS ने अपने बयान में उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा गठित विशेष जांच दल (SIT) का भी उल्लेख किया. दत्तात्रेय होसबाले ने कहा 'श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र न्यास के आग्रहपूर्वक निवेदन पर उत्तर प्रदेश सरकार ने विशेष जाँच दल का गठन कर उसकी अनुशंसा पर कानूनी प्रक्रिया प्रारंभ की है. जाँच में जो भी दोषी पाए जाएँगे, उन्हें कठोर दंड हो, यह सुनिश्चित करना आवश्यक है.' उन्होंने कहा कि पूरे मामले में कानून के अनुसार कार्रवाई होना जरूरी है ताकि समाज का विश्वास बना रहे.
मंदिर प्रबंधन से पारदर्शिता बढ़ाने की अपेक्षा
संघ ने बयान में यह भी कहा कि इस घटना को सामान्य नहीं माना जाना चाहिए. 'राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ सहित संपूर्ण हिन्दू समाज की न्यास से स्वाभाविक ही अपेक्षा है कि इस घोर निंदनीय घटना को असाधारण मानकर गंभीरता से व्यवस्था एवं संचालन की सभी कमियों को दूर करने हेतु परिणामकारक कदम उठाए जाएँ, ताकि अयोध्या मंदिर पर करोड़ों रामभक्तों की आस्था व श्रद्धा अखंड एवं अटूट बनी रहे.' RSS ने कहा कि वर्तमान में बने भ्रम और असमंजस की स्थिति को जल्द समाप्त किया जाना चाहिए. साथ ही यह विश्वास भी जताया कि बेहतर वित्तीय प्रबंधन, पारदर्शी व्यवस्थाओं और धार्मिक मर्यादाओं के अनुरूप संचालन से श्री रामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र न्यास श्रद्धालुओं का भरोसा मजबूत बनाए रखेगा.
अफवाहों से बचने की अपील
अपने बयान के अंतिम हिस्से में उन्होने पूरे हिंदू समाज से संयम बरतने की अपील की. दत्तात्रेय होसबाले ने कहा 'राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ संपूर्ण हिन्दू समाज से भी आह्वान करता है कि इस कठिन क्षण में वह आवश्यक धैर्य और संयम का परिचय दें तथा इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना का लाभ उठाकर हिन्दू विरोधी, राष्ट्र विरोधी शक्तियों के हिन्दू धर्म एवं समाज को बदनाम करने के षड़यंत्रों को विफल करें.' संघ ने कहा कि जांच पूरी होने तक धैर्य बनाए रखना जरूरी है और सभी संबंधित पक्षों को निष्पक्ष जांच में सहयोग करना चाहिए. फिलहाल पूरे मामले की जांच एसआईटी कर रही है और आगे की कार्रवाई जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर की जाएगी.
ADVERTISEMENT











