UP News: हापुड़ के पिलखुवा कोतवाली क्षेत्र स्थित मोदी नगर बस स्टैंड के पास आज यानी सोमवार सुबह करीब 8:30 बजे झुग्गी बस्ती में अज्ञात कारणों से आग लग गई. कुछ ही देर में इस आग ने विकराल रूप धारण कर लिया. देखते ही देखते आग ने करीब 70 झुग्गियों को अपनी चपेट में ले लिया और पूरे इलाके में अफरा-तफरी मचा दी.
ADVERTISEMENT
झुग्गियों में प्लास्टिक, पॉलिथीन और कबाड़ जैसी ज्वलनशील सामग्री होने के कारण आग तेजी से फैलती चली गई. आग की लपटें पास स्थित गायत्री लॉजिस्टिक ट्रांसपोर्ट, यूनाइटेड ट्रांसपोर्ट और एक जींस सिलाई फैक्ट्री तक पहुंच गईं. बताया गया कि गोदाम मालिक अशोक कुमार के ट्रांसपोर्ट गोदामों में भारी मात्रा में माल भरा हुआ था, जिसमें एक गोदाम में करीब 800 गांठ और दूसरे में लगभग 250 गांठ माल रखा हुआ था.
मचा दी तबाही
प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक, इस अग्निकांड से करोड़ों का नुकसान हुआ है. झुग्गियों में रहने वाले परिवारों का घरेलू सामान, जरूरी दस्तावेज और ट्रांसपोर्ट में रखा माल बड़े पैमाने पर जलकर खाक हो गया है.
आग की सूचना मिलते ही भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थानीय लोगों की मदद से झुग्गियों में रह रहे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने का अभियान शुरू करवाया गया. मौके पर दमकल विभाग की लगभग 8 गाड़ियां मौजूद हैं, जो लगातार आग पर काबू पाने में जुटी हुई हैं.
की जा रही जांच
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आग इतनी भीषण थी कि पूरे क्षेत्र में धुएं का गुबार छा गया और लोगों में दहशत फैल गई. फिलहाल किसी जन हानि की सूचना नहीं है. आग लगने के कारणों की जांच जारी है.
ADVERTISEMENT









