गोरखपुर में पिता का ज्वेलरी शोरूम लूटने आए लुटेरों के साथ बेटी अमृता ने जो किया, हर तरफ हो रही चर्चा

UP News: गोरखपुर में पिता की सोने-चांदी की दुकान लूटने आए 2 लुटेरों के साथ बेटी ने जो किया, वह अब वायरल हो रहा है.

Gorakhpur, Gorakhpur news, Gorakhpur police, Gorakhpur crime, up news, up viral news

UP News

गजेंद्र त्रिपाठी

28 Apr 2026 (अपडेटेड: 28 Apr 2026, 09:51 AM)

follow google news

UP News: यूपी के गोरखपुर में ज्वेलरी शोरूम में सोने की झाली का पैकेट लेकर भाग रहे लुटेरों से ज्वेलरी शॉप के मालिक की बेटी भिड़ गई. उसने लुटेरों को सड़क पर दौड़ाया और एक को गिरा भी दिया. उसने काफी देर तक दोनों का पीछा किया. मगर दोनों भागने में कामयाब रहे. ये सारी घटना सीसीटीवी में कैद हो गई. अब पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है. 

यह भी पढ़ें...

18 साल की बेटी ने दिखाया साहस

ये पूरा मामला गोरखपुर के गोला थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर 17 से सामने आया है. यहां ज्वेलरी शोरूम में 2 लुटेरे ग्राहक बनकर आए और बिक्री के दौरान 20 ग्राम सोने के जेवर लूटकर भागने लगे. शोरूम पर बैठी मालिक की 18 साल की बेटी ने साहस दिखाया और लुटेरों का पीछा किया. एक लुटेरे को उसने पकड़ा और दबोचकर सड़क पर गिरा लिया. उसकी पिटाई भी की. मार खाकर बदमाश और तेजी से भाग गया. बेटी ने भी दूर तक उसे छकाया. लुटेरे से भिड़ने के दौरान बेटी के हाथ में चोट भी लगी है. 

दरअसल यहां देवांश स्वर्णकला केंद्र नाम से ज्वेलरी की दुकान है. इस दुकान के मालिक राकेश वर्मा हैं. राकेश बड़ी बेटी की सगाई के कार्ड बांटने गए थे. उनकी गैर मौजूदगी में उनकी छोटी बेटी अमृता दुकान संभाल रही थी. अमृता बीए द्वितीय वर्ष की छात्र है. 

अमृता ने बताया कि दोपहर करीब 2:20 बजे दो युवक ग्राहक बनकर उसकी दुकान में घुस गए. उन लोगों ने जेवर दिखाने के लिए कहा. जैसे ही उसने जेवर दिखाए, एक युवक ने मौका पाकर झपट्टा मार दिया. उसने करीब लगभग ढाई से पौने तीन लाख रुपए कीमत के 20 ग्राम वजन के 4-5 जोड़ी सोने के कान के झाले उठा लिए. इसके बाद वह दुकान से भागने लगा. उसने दौड़ाकर लुटेरों को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन वे भाग गए. 

पुलिस ने ये बताया

इस मामले को लेकर एसपी (साउथ) दिनेश पुरी ने बताया, 27 अप्रैल को दोपहर 2 बजाकर 20 मिनट पर गोला थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक ज्वेलरी शॉप पर दो अज्ञात व्यक्ति चांदी की अंगूठी दिखाने के बहाने सोने की झाली का पैकेट लेकर भाग गए. केस दर्ज किया गया है. मामले की जांच की जा रही है. घटना सीसीटीवी में कैद हुई है.