मथुरा प्रशासन का बड़ा निर्णय, पहले आओ-पहले पाओ पर दुकान-फ्लैट आवंटन का फैसला

Mathura News: मथुरा के बांके बिहारी मंदिर क्षेत्र में बड़ा बदलाव होने जा रहा है. दुकानों और फ्लैटों के आवंटन को लेकर नई नीति लागू की गई है, जिसमें ''पहले आओ-पहले पाओ'' का फॉर्मूला अपनाया गया है.

Mathura News

Newzo

• 04:11 PM • 21 Apr 2026

follow google news

Mathura shop allotment scheme: ठाकुर श्री बांके बिहारी जी मंदिर हाई पावर्ड मैनेजमेंट कमेटी ने मंदिर क्षेत्र में प्रस्तावित जनसुविधा विकास कार्यों के तहत दुकानों एवं फ्लैटों के आवंटन के लिए “पहले आओ-पहले पाओ” का सिद्धांत लागू करने का निर्णय लिया है. इसके अनुसार जो व्यक्ति पहले अपनी दुकान या भवन का बैनामा ठाकुर श्री बांके बिहारी जी महाराज के नाम करेंगे, उन्हें वरीयता क्रम में पहले दुकान या फ्लैट का आवंटन किया जाएगा.

जिला मजिस्ट्रेट एवं सदस्य सचिव कमेटी चन्द्र प्रकाश सिंह ने बताया कि यह निर्णय उच्चतम न्यायालय के आदेश के क्रम में गठित हाई पावर्ड मैनेजमेंट कमेटी की 9 अप्रैल को आयोजित 14वीं बैठक में लिया गया. बैठक की अध्यक्षता सेवानिवृत्त न्यायमूर्ति अशोक कुमार ने की.

उन्होंने बताया कि मंदिर के आसपास श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए भूमि क्रय की जा रही है. प्रभावित लोगों को पर्याप्त धनराशि, दुकान के बदले दुकान तथा मथुरा-वृन्दावन विकास प्राधिकरण द्वारा सुनरख और रुक्मिणी विहार में फ्लैट उपलब्ध कराए जा रहे हैं.
योजना के तहत मंदिर क्षेत्र में सुरक्षित वातावरण, बैठने की व्यवस्था, पेयजल सुविधा तथा सुगम प्रवेश-निकासी द्वार बनाए जाएंगे. इससे संकरी गलियों में भीड़ का दबाव कम होगा और दर्शन व्यवस्था अधिक सुचारु बनेगी.

प्रशासन का मानना है कि जनसुविधाओं के विकास से धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा तथा स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे.

यह भी पढ़ें...