वृंदावन: क्रिकेट के मैदान पर अपने बल्ले से रनों की बारिश करने वाले भारतीय स्टार क्रिकेटर विराट कोहली इन दिनों आध्यात्मिक शांति की तलाश में हैं. आईपीएल के व्यस्त शेड्यूल के बीच समय निकालकर विराट कोहली अपनी पत्नी और बॉलीवुड अभिनेत्री अनुष्का शर्मा के साथ कान्हा की नगरी वृंदावन पहुंचे. सोमवार को इस चर्चित दंपत्ति ने परिक्रमा मार्ग स्थित श्रीहित राधा केली कुंज आश्रम में सुप्रसिद्ध संत प्रेमानंद जी महाराज के दर्शन किए और उनका आशीर्वाद प्राप्त किया.
ADVERTISEMENT
आश्रम में विराट और अनुष्का बेहद साधारण वेशभूषा और सादगी भरे अंदाज में नजर आए. किसी वीआईपी तामझाम के बिना दोनों ने आम श्रद्धालुओं की तरह जमीन पर बैठकर काफी देर तक महाराज श्री के सत्संग का लाभ उठाया. इस दौरान प्रेमानंद जी महाराज ने निर्मल मन और भक्ति के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि शुद्ध अंतःकरण ही ईश्वर प्राप्ति का एकमात्र मार्ग है. दंपति ने एकाग्र चित्त होकर महाराज जी की बातों को सुना.
जैसे ही विराट कोहली के वृंदावन पहुंचने की खबर शहर में फैली, उनके प्रशंसकों की भारी भीड़ आश्रम के बाहर जमा हो गई. अपने पसंदीदा खिलाड़ी और अभिनेत्री की एक झलक पाने के लिए लोग घंटों सड़कों पर इंतजार करते दिखे.यह कोई पहला मौका नहीं है जब विराट और अनुष्का किसी धार्मिक स्थल पर नजर आए हों. अपनी व्यस्त जीवनशैली के बावजूद यह जोड़ा अक्सर आध्यात्मिक शांति के लिए मंदिरों और आश्रमों के चक्कर लगाता रहता है. प्रेमानंद जी महाराज के प्रति उनकी गहरी आस्था सर्वविदित है और वे पहले भी कई बार उनके दरबार में हाजिरी लगा चुके हैं.
ADVERTISEMENT









