Mathura electricity crisis protest road jam sadar bazar: तेज आंधी के बाद चरमराई बिजली व्यवस्था, ट्रिपिंग और लो-वोल्टेज से पूरी रात परेशान रहे लोग; बच्चों-बुजुर्गों की हालत बिगड़ी. भीषण गर्मी, तेज आंधी और लगातार बिजली कटौती से परेशान सदर बाजार क्षेत्र के लोगों का गुस्सा मंगलवार देर रात सड़क पर फूट पड़ा. रात करीब 11:30 बजे स्थानीय नागरिकों ने मुख्य मार्ग पर जाम लगाकर बिजली विभाग के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया. करीब दो घंटे तक चले हंगामे के दौरान सड़क पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया.
ADVERTISEMENT
तेज हवा और आंधी के चलते शहर की विद्युत व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई. कई स्थानों पर बिजली लाइनें क्षतिग्रस्त हो गईं, जबकि पेड़ों की डालियां तारों पर गिरने से बड़े पैमाने पर फॉल्ट हुए. सदर बाजार सहित आसपास के इलाकों में बार-बार ट्रिपिंग और लो-वोल्टेज की समस्या बनी रही, जिससे कूलर-पंखे बंद हो गए और उमस भरी गर्मी में लोगों का घरों में रहना मुश्किल हो गया.
स्थानीय लोगों का आरोप है कि पिछले दो दिनों से लगातार बिजली संकट बना हुआ है, लेकिन शिकायतों के बावजूद विभाग की ओर से कोई संतोषजनक कार्रवाई नहीं हुई. उपभोक्ताओं ने कई बार फोन कर शिकायत दर्ज कराने की कोशिश की, लेकिन समस्या जस की तस रही.
गुस्साए लोगों ने विभागीय लापरवाही के खिलाफ सड़क जाम कर विरोध जताया. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझा-बुझाकर करीब दो घंटे बाद जाम खुलवाया.
स्थानीय नागरिकों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द बिजली व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो आंदोलन और उग्र किया जाएगा. लोगों का कहना है कि बिजली बिल वसूली में सख्ती दिखाने वाला विभाग आपूर्ति व्यवस्था सुधारने में पूरी तरह नाकाम साबित हो रहा है.
ADVERTISEMENT









