अमेठी। उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में हुए राजकुमार चौहान हत्याकांड को लेकर अमेठी में जन आक्रोश देखने को मिला। शनिवार शाम जन जनवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने जिला मुख्यालय गौरीगंज में कैंडिल मार्च निकालकर मृतक को श्रद्धांजलि दी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
बताया जा रहा है कि बीते मंगलवार को गोरखपुर में राजकुमार चौहान की अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। इस घटना से नाराज कार्यकर्ताओं ने कन्हा मैरिज लॉन से जामों रोड तक कैंडिल मार्च निकाला। हाथों में मोमबत्तियां लिए कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए हत्यारों को फांसी देने की मांग उठाई।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने कहा कि जब तक आरोपियों को कड़ी सजा नहीं मिलेगी, तब तक इस तरह की घटनाएं रुकने वाली नहीं हैं। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि सभी दोषियों को जल्द गिरफ्तार कर उनके खिलाफ फास्ट ट्रैक कोर्ट में सुनवाई कराई जाए।
इसके अलावा प्रदर्शनकारियों ने आरोपियों के घरों पर बुलडोजर कार्रवाई, पीड़ित परिवार को पांच करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता, एक सदस्य को सरकारी नौकरी और शस्त्र लाइसेंस देने की भी मांग रखी। कुछ कार्यकर्ताओं ने आरोपियों के एनकाउंटर की भी मांग की।
इस विरोध प्रदर्शन में अमेठी और सुल्तानपुर के बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। कार्यक्रम का नेतृत्व पार्टी के जिला अध्यक्ष राम सुमेर चौहान ने किया। पूरे मार्ग में पुलिस बल तैनात रहा और शांतिपूर्ण ढंग से मार्च संपन्न हुआ।
ADVERTISEMENT
ADVERTISEMENT









