गोरखपुर में मॉर्निंग वॉक पर निकले BJP नेता राजकुमार चौहान के सिर में मारी गई गोली, फिर चाकुओं से गोदकर मार डाला

गजेंद्र त्रिपाठी

17 Mar 2026 (अपडेटेड: 17 Mar 2026, 11:06 AM)

Gorakhpur Crime News: गोरखपुर के चिलुआताल में पूर्व पार्षद राजकुमार चौहान की दिनदहाड़े हत्या. मॉर्निंग वॉक पर निकले पूर्व पार्षद को बदमाशों ने गोली मारी और चाकू से गोदा. इलाके में तनाव.

Rajkumar Chauhan

Rajkumar Chauhan

Google CTA

Gorakhpur Crime News: गोरखपुर में मंगलवार की सुबह एक सनसनीखेज वारदात ने पूरे इलाके को दहला दिया है. चिलुआताल के बरगदवा इलाके में मंगलवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब मॉर्निंग वॉक पर निकले भाजपा नेता और पूर्व पार्षद राजकुमार चौहान को बदमाशों ने निशाना बनाया. इस वारदात के बाद पूरे गांव में तनाव का माहौल है और भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है. 

यह भी पढ़ें...

सिर में गोली मारकर किया चाकुओं से वार

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, करीब चार हमलावरों ने राजकुमार चौहान को घेर लिया था. हमलावरों ने पहले उनके सिर में गोली मारी और फिर सीने पर चाकू से ताबड़तोड़ कई वार किए. गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद राजकुमार ने जान बचाने के लिए करीब 100 मीटर तक दौड़ लगाई, लेकिन बदमाशों ने पीछा कर उन पर दोबारा हमला कर दिया.

मौत की पुष्टि होने तक मौके पर ही डटे रहे हमलावर

बताया जा रहा है कि हमलावर अपनी गाड़ी कुछ दूरी पर खड़ी कर पैदल ही वारदात को अंजाम देने पहुंचे थे. हत्या करने के बाद बदमाश तुरंत फरार नहीं हुए, बल्कि कुछ देर तक वहीं बैठे रहे और जब उन्हें विश्वास हो गया कि राजकुमार की मौत हो चुकी है, तभी वहां से भाग निकले.

घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और उन्हें तत्काल बीआरडी मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. सूचना पर पुलिस के उच्चाधिकारी भी मौके पर पहुंच गए हैं. पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर दी है और हमलावरों की तलाश के लिए कई टीमें गठित कर दी गई हैं. 

पुलिस का कहना है कि प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा. एहतियातन गांव में पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है. 

ये भी पढ़ें: गोरखपुर में लगी थी रसोई गैस के लिए लंबी लाइन, तभी शुरू हो गई दनादन मारपीट फिर गजब हुआ