गोरखपुर के गगहा क्षेत्र से एक युवक का शव आपत्तिजनक परिस्थितियों में बरामद हुआ है. मृतक की पहचान ऋषभ यादव के रूप में हुई है. उसका शव एक टॉयलेट की छत पर मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है. पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए हत्या और अवैध संबंधों सहित तमाम पहलुओं पर बारीकी से जांच कर रही है. जानकारी मिली है कि ऋषभ अपनी बहन की शादी में शामिल होने के लिए बैंकॉक से गांव लौटा था. ऋषभ वहां अपने पिता के साथ रहकर काम करता था.
ADVERTISEMENT
पुलिस जब पहुंची तो क्या दिखा
पुलिस जब मौके पर पहुंची तो घटनास्थल का नजारा बेहद संदिग्ध था. ऋषभ का शव बिना कपड़ों के टॉयलेट की छत पर पड़ा था और उसके हाथ में कंडोम का पैकेट था. वहीं, उसके कपड़े पास ही एक पेड़ पर टंगे हुए मिले. सबसे ज्यादा चौंकाने वाली बात यह थी कि मृतक के मुंह से झाग निकल रहा था, जिससे मामला और भी उलझ गया है. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.
ऋषभ की इस तरह अचानक और संदिग्ध मौत से उसके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. वह परिवार का सबसे बड़ा बेटा था और साल 2019 में उसकी शादी हुई थी. उसके दो छोटे बच्चे हैं जिनकी उम्र 6 साल और 3 साल है. बहन की शादी की खुशियों के बीच भाई की मौत की खबर ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है.
पुलिस की कार्रवाई और जांच के बिंदु
इस मामले पर पुलिस अधीक्षक (साउथ) दिनेश पुरी ने बताया कि परिस्थितियां प्रथम दृष्टया संदिग्ध नजर आ रही हैं. पुलिस हत्या, साजिश और अवैध संबंध इन सभी एंगल से मामले की पड़ताल कर रही है. घटनास्थल से तकनीकी साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और मृतक की मोबाइल कॉल डिटेल्स (CDR) भी खंगाली जा रही है. पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा. फिलहाल, आसपास के लोगों से पूछताछ जारी है.
ADVERTISEMENT









